कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए सरकारें काफी सतर्क हैं और वे जानती है कि टीकाकरण ही एकमात्र कोरोना रोकने का साधन है। वहीं तमिलनाडु सरकार ने शनिवार को एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब जो लोग वैक्सीन नहीं लगवा पाए हैं या जिन्हें लगवानी है उनके लिए राज्य में अगले हफ्ते से सरकारी कॉलेजों और अस्पतालों में चौबीसों घंटे टीकाकरण अभियान चलेगा।
चिकित्सा और परिवार कल्याण मंत्री सुब्रमण्यन ने कहा कि राज्य में चौबीसों घंटे टीके उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे लोग कहीं भी और कभी भी टीके की खुराक ले सकेंगे। सुब्रमण्यम ने कहा कि यह सेवा सोमवार से 37 जिलों के सभी सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाएगी।
यह सेवा चेन्नई में सोमवार से राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल, तमिलनाडु सरकार के मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ओमांदुरर, स्टेनली मेडिकल कॉलेज और किलपौक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रदान की जाएगी।
आगे कहा कि उसी दिन, सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में चौबीसों घंटे और मयिलादुथुराई और पेरम्बलुर जैसी जगहों पर भी विस्तार किया गया, जिनमें मेडिकल कॉलेज नहीं है। सरकार 24 घंटे के टीकाकरण कार्यक्रम के लिए विज्ञापन भी देगी, जिसमें जनता को सेवा का उपयोग करने की सलाह दी जाएगी।
सुब्रमण्यन ने कहा कि विभिन्न पर्यटक और तीर्थस्थलों पर भी टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इस संबंध में जिला प्रशासन को टीकाकरण प्रक्रिया में तेजी लाने की सलाह दी गई है। लोकप्रिय पर्यटन शहर कोडाईकनाल में, सभी लोगों को टीका लगाया गया था, जबकि पलानी में यह 98 प्रतिशत था।
देश में तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए केंद्र पूरे देश में टीकाकरण की रफ्तार को तेज करने और इसके दायरे का बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। इसकेअलावा देशव्यापी कोरोना टीकाकरण का नया चरण 21 जून से शुरू हो चुका है।
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 जून से देश में सभी लोगों को फ्री वैक्सीन देने की घोषणा की थी। इसके मुताबिक, भारत सरकार ने 21 जून से नई वैक्सीन नीति लागू की है, जिसके तहत केंद्र सरकार वैक्सीन खरीद कर राज्य सरकारों को मुहैया कराएगी।