दरोगा, एचसीपी और इंस्पेक्टर के बाद अब जनपद के सिपाहियों को भी वीकली आफ मिलने जा रहा है। सभी सर्किल स्तर पर इसका प्लान तैयार कर लिया गया है। एक दो-दिन में इसे फाइनल कर लिया जाएगा। इसे पहले थानों पर लागू किया जाएगा। इसके बाद पुलिस लाइन में। दस दिन के भीतर ही यह प्लान लागू कर किया जाना है।
दरोगाओं के वीकली आफ का प्लान सीओ हरीपर्वत डा. अनुराग वत्स ने तैयार किया था। इसके नतीजे शानदार रहे। पुलिस में सकारात्मक संदेश गया। पुलिसकर्मियों का चिड़चिड़ापन कम हुआ। इसके बाद एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने हेड कांस्टेबल और इंस्पेक्टर का भी साप्ताहिक अवकाश मंजूर कर दिया। इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया था।
देखा गया कि सप्ताह में एक दिन की छुट्टी से पुलिस पर क्या असर पड़ता है? इसका रिजल्ट आने के बाद एसएसपी डा. प्रीतिंद सिंह ने सभी एडिशनल एसपी और सीओ को प्लान तैयार करने के लिए कहा। इस पर काम पूरा हो गया है। सभी 43 थानों पर रोटेशन चार्ट तैयार किए जा रहे हैं।