रामविलास पासवान के निधन के बाद बिहार से राज्यसभा की रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हुई लेकिन पहले दिन एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार बैजुनाथ सिंह ने बताया कि प्रमंडलीय आयुक्त का कार्यालय नामांकन स्थल और बिहार विधानसभा की लाइब्रेरी के रीडिंग रूम को मतदान केंद्र स्थल बनाया गया है।
28, 29 व 30 नवंबर को अवकाश के कारण नहीं होगा नामांकन
निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार, तीन दिसंबर तक नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। जबकि 28, 29 व 30 नवंबर को एनआई एक्ट के तहत अवकाश घोषित होने के कारण उस दिन नामांकन पत्र नहीं दाखिल किया जाएगा। राज्यसभा की सीट पर उपचुनाव को लेकर जमानत की राशि 10 हजार रुपये जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित की गई है।
उपचुनाव कार्यक्रम:
- अधिसूचना जारी करने की तिथि 26 नवंबर, 2020
- नामांकन भरने की अंतिम तिथि 3 दिसंबर, 2020
- नामांकन पत्रों की जांच 4 दिसंबर, 2020
- नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 7 दिसंबर, 2020
- मतदान करने की तिथि 14 दिसंबर, 2020
- मतदान करने का समय सुबह 9 बजे से अपराह्न 4 बजे तक
- मतगणना की तिथि 14 दिसंबर 2020, अपराह्न 5 बजे
- निर्वाचन प्रक्रिया की समाप्ति की तिथि 16 दिसंबर, 2020