एनआई ने गुरुवार को दिल्ली की एक विशेष कोर्ट में कनाडा स्थित आतंकी हरदीप सिंह निज्जर के खिलाफ चार्जशीट दायर की। इसमें आरोप लगाया गया है कि निज्जर ने भारत में हमले की साजिश रची। इसके लिए उसने पाकिस्तान से हथियार व गोला-बारूद मुहैया कराने का प्रयास किया।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भारतीय दंड विधान और गैर कानूनी गतिविधिया निवारक कानून (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत दायर की है। एनआईए के अधिकारी के अनुसार आतंकी हरदीप सिंह निज्जर मूल रूप से पंजाब के जालंधर का रहने वाला है और वर्तमान में कनाडा के सुर्रे में रहता है। एनआईए के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) व अन्य की भारत में हमले की साजिश से जुड़ा है।
हवाला व मनी ट्रांसफर से भेजा पैसा
आरोप पत्र में कहा गया है कि निज्जर अपनी आतंकी साजिशों को अंजाम देने के लिए अपने समर्थकों को विभिन्न मनी ट्रांसफर सर्विस स्कीम (MTSS) सेवाओं व हवाला के जरिए पैसा भेजता रहा है। उसका मकसद पंजाब में टारगेट कीलिंग था। वह पाकिस्तान स्थित अपने सहयोगियों के मार्फत हथियार व गोला बारूद की आपूर्ति में भी जुटा था।
'सिख्स फॉर जस्टिस' से भी जुड़ा है निज्जर
एनआईए के अधिकारियों ने बताया कि निज्जर 'सिख्स फॉर जस्टिस' से भी जुड़ा है और खालिस्तान की स्थापना को लेकर दुनियाभर के सिखों में कट्टरता फैलाने का प्रयास कर रहा है। सिखों को अलगाव की आवाज उठाने और भारत सरकार के खिलाफ आंदोलन व हिंसक गतिविधियां करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भडकाउ लेखों व आडियो वीडियो संदेश प्रसारित करता रहता है। एनआईए के अनुसार निज्जर एक घोषित आतंकी है। उसके खिलाफ आगे जांच जारी है।