राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पिछले साल पश्चिम बंगाल में रामनवमी जुलूस के दौरान सांप्रदायिक हिंसा की साजिश रचने और उसे अंजाम देने के आरोप में की गई है। केंद्रीय एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान हुए खुलासे और जब्त की गई वीडियो फुटेज से आरोपियों की पहचान के आधार पर गिरफ्तारियां की गई हैं।
घटना पिछले साल 30 मार्च को पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दलखोला में रामनवमी के जश्न के जुलूस के दौरान हुई थी। प्रवक्ता ने कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है। उनका कहना है कि आरोपी जुलूस में भाग लेने वाले एक विशेष समुदाय के सदस्यों पर हमले के आरोपी हैं। उत्तर दालखोला के तजामुल चौक पर हमले के बाद भड़की सांप्रदायिक हिंसा मामले में पुलिस ने शुरुआत में 162 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इसके बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 27 अप्रैल को रामनवमी समारोह के दौरान सांप्रदायिक हिंसा से संबंधित मामलों को एनआईए को सौंपने का आदेश दिया। फिर एनआईए ने दालखोला और पांच अन्य मामलों की जांच शुरू की। गिरफ्तार किए गए 16 आरोपी दालखोला के निवासी हैं। एनआईए मामले में आगे की जांच कर रही है।