रेलवे के अधिकारी बसंत कुमार सत्पथी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बोरे को पहिया से अलग कर दिया गया है और सुरक्षा के लिए अग्निशामक का इस्तेमाल भी किया गया।
ओडिशा के ब्रह्मापुर स्टेशन के पास डिबरुगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस के पहिए में बोरा फंसने के कारण एक डिब्बे से धुंआ निकलने लगा। यह धुंआ किसी दुर्घटना के कारण नहीं, बल्कि पहिए की ब्रेक बाइडिंग में फंसे बोरे की वजह से हुआ।
विज्ञापन
रेलवे के अधिकारी बसंत कुमार सत्पथी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गंजाम जिले से गुजर रही विवेक एक्सप्रेस में मंगलवार को यात्रियों के बीच उस समय दहशत फैल गई, जब उन्होंने एक बोगी के नीचे से धुआं निकलता देखा। जल्द ही यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन के पास रुकवा दिया और बाहर निकल गए।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे कर्मी तुरंत पहुंचे और एस-10 कोच की पड़ताल की। बोगी के ब्रेक-बाइंडिंग हिस्से में एक बोरी फंस गई थी। बोरी को पहिए से हटा दिया गया। इस दौरान आग बुझाने वाले उपकरण का इस्तेमाल भी किया गया। ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, यात्रियों ने बोगी बदलने की मांग की। अधिकारियों ने कहा कि हमने उन्हें आश्वस्त किया कि बोगी सुरक्षित है। ट्रेन 50 मिनट बाद रवाना हो गई।