ईस्टर्न नागालैंड पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन (ईएनपीओ) ने पूर्वी नगालैंड के छह जिलों में घोषित अपने सार्वजनिक आपातकाल को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। यह निर्णय तीन जुलाई को तुएनसांग में ईएनपीओ के केंद्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक के दौरान लिया गया। बता दें कि ईएनपीओ आठ जनजातियों का एक समूह है, जिसमें चांग, खियानियुंगन, कोन्याक, फोम, संगतम, तिखिर, यिमखिउंग और सुमी शामिल हैं। ईएनपीओ ने मोन, तुएनसांग, लोंगलेंग, किफिरे, शमतोर और नोक्लाक जिले में सार्वजनिक आपातकाल की घोषणा की थी। फ्रंटियर नागालैंड क्षेत्र की अपनी मांग पर दबाव डालने के लिए लोकसभा और शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों में भी हिस्सा नहीं लिया था।
मुंबई हवाई अड्डे पर अस्थाई रूप से रोका गया रनवे का संचालन
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (सीएसएमआईए) में खराब मौसम के कारण रनवे का का संचालन को कुछ देर के लिए रोका गया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को दोपहर 02:22 बजे से 03:40 बजे तक हवाई अड्डे पर अस्थायी रूप से संचालन रोका गया। इस दौरान हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों की मदद के लिए कर्मचारियों को तैनात किया। इस दौरान यात्रियों के लिए पानी की भी व्यवस्था की गई।
मुंबई: भारी बारिश के बीच ट्रेनों को निर्बाध संचालन
मुंबई में भारी बारिश हो रही है और इस बीच रेलवे की सतर्कता की वजह से ट्रेनों का निर्बाध संचालन हो रहा है। पश्चिमी रेलवे का कहना है कि मुंबई में रात 2.30 बजे से लगातार बारिश हो रही है। इस वजह से कुछ जगह पटरियां जलमग्न हो गई हैं। इन इलाकों में पानी की निकासी के लिए उच्च क्षमता वाले पंप स्थापित किए गए हैं। इस उपायों की वजह से ट्रेनों के संचालन में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ। इसके अलावा लंबी दूरी तय करने वाली कोई भी ट्रेन ना तो रद्द हुई और ना ही उनके समय को पुनर्धारित किया गया।
गुजरात: सूरत में हादसे का शिकार हुई स्कूल वैन, छह छात्र चोटिल
गुजरात के सूरत जिले के मुलाड गांव में एक तेज रफ्तार स्कूल वैन पलट गई। इस हादसें में छह छात्रों को हल्की चोटें आईं हैं। इस बारे में राज्य मंत्री प्रफुल्ल पंशेरिया ने कहा कि आज सुबह यह हादसा हुआ। वैन में कुल नौ बच्चे सवार थे। इस हादसे में छह बच्चों को हल्की चोटें आईं हैं। पंशेरिया ने कहा, ‘मैं अभिभावकों से अनुरोध करता हूं कि अगर आप निजी वाहनों को किराए पर लेते हैं, तो सबसे पहले वाहन के मालिक, ड्राइवर और अभिभावकों के बीच एक बैठक होनी चाहिए। बच्चों के साथ भी इस बारे में चर्चा होनी चाहिए। अगर कोई बच्चा अपने माता-पिता से वाहन की तेज रफ्तार के बारे में बात करता है तो इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। ऐसे चालकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज होनी चाहिए।’
तमिलनाडु: अदालत में पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी की याचिका खारिज
तमिलनाडु के एक सत्र न्यायालय ने पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी की एक याचिका को खारिज कर दिया। बालाजी ने याचिका में अनुरोध किया था कि उनके खिलाफ धन शोधन के मामले में जुटाए गए बैंक दस्तावेजों को उपलब्ध कराया जाए। प्रवर्तन निदेशालय ने इन दस्तावेजों को अपने पास रखा है। इस मामले में अदालत ने बालाजी की हिरासत को 10 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया है। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन से जुड़े एक मामले में 14 जून, 2023 को गिरफ्तार किया था।