फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से 10 की मौत; पूर्व मंत्री खडसे को दाऊद के नाम पर मिली धमकी

Wed, 17 Apr 2024 07:32 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

राज्य राजस्व विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा बीड़ में तीन मौतें, जबकि छत्रपति संभाजीनगर, परभानी और लातूर में दो-दो मौतें दर्ज की गई है। वहीं 17 दुधारू पशुओं समेत 152 जानवरों की भी मौत हुई है।
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में नौ अप्रैस से जारी बेमौसम बारिश के कारण 10 लोगों समेत 150 पशुओं की मौत हो गई। राज्य राजस्व विभाग ने इसकी जानकारी दी है। मराठवाड़ा क्षेत्र में आठ जिले हैं, जिसमें छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, लातूर, नांदेड़, धाराशिव और हिंगोली शामिल हैं। 
विज्ञापन


राज्य राजस्व विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, मराठवाड़ा क्षेत्र में नौ अप्रैल से जारी बेमौसम बारिश के कारण मानव और पशु जीवन को नुकसान पहुंचा है। इस बेमौसम बारिश के कारण 9127 किसानों के 5,256.86 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फसल क्षतिग्रस्त हो गए। 

रिपोर्ट के अनुसार, बेमौसम बारिश के कारण अबतक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल भी हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा बीड़ में तीन मौतें, जबकि छत्रपति संभाजीनगर, परभानी और लातूर में दो-दो मौतें दर्ज की गई है। वहीं 17 दुधारू पशुओं समेत 152 जानवरों की मौत हो गई।
विज्ञापन

महाराष्ट्र में अवैध दस्तावेजों के साथ दो बांग्लादेशी गिरफ्तार

महाराष्ट्र में पालघर जिले के वसई में पुलिस ने अवैध दस्तावेजों के साथ दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मानव तस्करी विरोधी सेल ने सोमवार को नालासोपारा के प्रगति नगर इलाके से एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय आकाश आरिफ खान और 22 वर्षीय लबोनी पोरिडिन मंडल के तौर पर की गई है। उनके पास भारत में रहने का वैध दस्तावेज नहीं था। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे आजीविका चलाने के लिए इलाके में छोटे-मोटे काम कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

भीषण गर्मी के कारण ओडिशा सरकार ने तीन दिन के लिए बंद किए स्कूल

ओडिशा सरकार ने गर्मी को लेकर मौसम विभाग के अनुमान के बाद 18 से 20 अप्रैल तक राज्य के सभी सरकारी स्कूल बंद करने की घोषणा की। शिक्षा विभाग ने कहा कि सरकार ने मौजूदा भीषण गर्मी और दिन के तापमान में वृद्धि को देखते हुए सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी समेत सभी स्कूल तीन दिन के लिए बंद करने का फैसला किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन के दौरान कई स्थानों पर तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है। आईएमडी ने 18 से 20 अप्रैल के बीच ओडिशा में कुछ स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान लगाया है। 

टीएमसी नेता काकोली घोष दस्तीदार घायल
तृणमूल कांग्रेस नेता और बारासात लोकसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार काकोली घोष दस्तीदार हादसे का शिकार हो गईं। पुलिस ने बताया कि बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के उनके वाहन को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। बारासात उप-विभागीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। उन्हें मामूली चोट आई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

22 अप्रैल तक बढ़ी सेंथिल बालाजी की रिमांड 
चेन्नई की एक अदालत ने बुधवार को द्रमुक नेता और तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी की रिमांड को 22 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। बालाजी को केंद्रीय पुझल जेल से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधान सत्र न्यायाधीश एस अल्ली के समक्ष पेश किया गया था। बालाजी को ईडी ने मनाी लॉन्ड्रिंग के मामले में पिछले साल जून में गिरफ्तार किया था। 

हेडमास्टर की हत्या की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार
चाकू से लगातार हमला करते हुए स्कूल हेडमास्टर की हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी को डोंबिवली जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। डोंबिवली जीआरपी की वरिष्ठ निरीक्षक किरण उंडरे ने बताया कि आरोपी की पहचान शकील हुमायूं शेख के रूप में हुई है। आरोपी सोमवार को पीड़ित हेडमास्टर के साथ खारबाओ रेलवे स्टेशन के ट्रैक्स पर चल रहे थे। इस दौरान आरोपी ने पूछा कि वह उसकी पत्नी के सर्विस रिकॉर्ड को क्यों नहीं भर रही है। पीड़ित ने जब बताया कि सर्विस रिकॉर्ड बुक खो गई है तो वह गुस्सा गया और चाकू निकालकर हेड मास्टर पर लगातार कई वार किए। पीड़िता फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर कर रही है।  

 

जादवपुर विवि का यूटर्न, पहले रामनवमी मनाने की अनुमति दी अब वापस ली
जादवपुर विश्वविद्यालय ने वामदलों द्वारा समर्थित छात्र संगठनों के विरोध के कारण रामनवमी मनाने के लिए एबीवीपी को दी गई अनुमति वापस ले ली है। विवि ने गेट-3 के पास सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक रामनवमी मनाने की अनुमति दी थी। बुधवार को रजिस्ट्रार स्नेहामंजू बसु ने एक नोटिस जारी करते हुए कहा कि छात्रों के विभिन्न समूहों से लिखित शिकायतें मिली हैं कि ऐसे कार्यक्रमों से परिसर में शांति और सद्भाव खराब हो सकता है। इसलिए उन्होंने अनुमति वापस ले ली है। फैसले की आलोचना करते हुए एबीवीपी ने कहा कि एआईएसए और एसएफआई जैसे वामपंथी संगठनों के दबाव में अधिकारियों ने अनुमति वापस ली।
 

तेलंगाना में शिक्षकों के खिलाफ दर्ज हुआ केस 
तेलंगाना के मंचेरियल जिला पुलिस ने शहर से 250 किलोमीटर दूर कन्नेपल्ली गांव के दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। दरअसल, कुछ छात्र 'हनुमान दीक्षा पोशाक' पहनकर आए थे। स्कूल के प्रिंसिपल और एक कर्मी ने इस पर कथित रूप से आपत्ति जताई थी। दांडेपल्ली पुलिस ने बताया कि छात्रों के माता-पिता की शिकायत के आधार पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, स्कूल प्रबंधन ने बताया कि दो दिन पहले, प्रिंसिपल ने छात्रों से कहा था कि वे अपने माता-पिता को स्कूल लेकर आएं क्योंकि उन्होंने स्कूल यूनिफॉर्म के बजाय भगवा पोशाक पहनी हुई थी।

महाराष्ट्र : पूर्व मंत्री खडसे को दाऊद के नाम पर मिली धमकी, जांच शुरू

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे को गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील के नाम पर धमकी मिली है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खडसे ने शिकायत में कहा, सोमवार को उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उल्लेखनीय है कि राकांपा (सपा) नेता ने हाल ही में कहा था कि वह जल्द भाजपा में लौट आएंगे। मुक्ताई नगर थाने के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि फोन करने वाले का अभी तक पता नहीं चल सका है।

ओडिशा : दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे के सीएम पटनायक

ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक गंजाम जिले में अपनी पारंपरिक हिन्जिली सीट के साथ पश्चिमी ओडिशा के बोलांगीर जिले के कांताबांजी विधानसभा क्षेत्र से भी चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री पटनायक ने बुधवार को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों की 5वीं सूची जारी करते हुए इस बारे में घोषणा की। इससे पहले उन्होंने साल 2019 के विस चुनाव में भी दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने प.ओडिशा के बारगढ़ जिले के हिंजिली और बीजेपुर दोनों सीटों से जीत हासिल की थी।

एनएमसी ने मेडिकल कॉलेजों से छात्रों के वजीफे का हिसाब मांगा

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने चिकित्सा छात्रों के वजीफे का हिसाब मांगा है। देश के सभी मेडिकल कॉलेजों को दिए आदेश में आयोग ने एक सप्ताह के भीतर यह जानकारी देने के लिए कहा है। स्नातक, मेडिकल इंटर्न और स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों को हर महीने वजीफा मिलता है जो सभी कॉलेज में एक समान नहीं है। आयोग ने शैक्षणिक वर्ष 2023-24 के बैच को भी इसमें शामिल किया है ताकि कॉलेज और राज्य वार यह पता चल सके कि छात्रों को कितनी राशि प्राप्त हो रही है?

हिमंत ने राहुल व प्रियंका को बताया ‘अमूल बेबी’

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना ‘अमूल बेबी’ से की। कहा कि असम में लोग चुनाव प्रचार में भाई-बहन की जोड़ी देखने के बजाय काजीरंगा में बाघ और गैंडों को देखना ज्यादा पंसद करेंगे। सीएम की यह टिप्पणी मंगलवार को प्रियंका के जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार गौरव गोगोई के समर्थन में रोडशो के बाद आई है। पत्रकारों से बात करते हुए सरमा ने कहा, मैंने सुना है कि प्रियंका के रोड शो में लगभग दो-तीन हजार लोग इकट्ठा हुए थे। उन्हें देखने कौन आएगा? गांधी परिवार को देखने का क्या फायदा? वे अमूल बेबी हैं। अमूल के प्रचार के लिए उपयुक्त दिखते हैं।

कर्नाटक : सांसद कराडी ने कांग्रेस तो मूर्ति ने भाजपा का दामन थामा

कर्नाटक में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। टिकट कटने से नाराज भाजपा के मौजूदा सांसद कराडी सांगन्ना बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने उनका पार्टी में स्वागत किया। उधर, पुलकेशीनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक आर. अखंड श्रीनिवास मूर्ति भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने पार्टी में उनका स्वागत किया। 

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार और हरियाणा से जुड़े मुकदमों में दिखाई सख्ती

सुप्रीम कोर्ट 2013 में फरीदाबाद जिले में हिरासत में युवक की मौत मामले में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है। शीर्ष अदालत ने हरियाणा सरकार और राज्य के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इस मामले में अब 26 जुलाई को सुनवाई होगी। जस्टिस सुधांशु धलिया और जस्टिस पीबी वराले की पीठ बुधवार को मृतक के भाई आनंद राज कौशिक की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। कौशिक ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के पिछले साल के 28 नवंबर के आदेश को चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने इस मामले में आपराधिक मामला दर्ज करने और जांच को सीबीआई या अन्य किसी एजेंसी को सौंपने की उनकी याचिका खारिज कर दी थी। ब्यूरो

41 वर्ष पुराने मुजफ्फरपुर क्लब विवाद को छह माह में निपटाने का दिया निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट को मुजफ्फरपुर कंपनीबाग स्थित मुजफ्फरपुर क्लब की जमीन के मालिकाना हक से संबंधित 41 वर्ष पुराने मामले को छह महीने में निपटाने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस बेला त्रिवेदी और जस्टिस पंकज मित्थल ने पटना हाईकोर्ट को क्लब एसाेसिएशन की दूसरी अपील को यथाशीघ्र 6 माह में निपटाने का निर्देश दिया है। सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री उषा सिन्हा और उनके बेटों अनुनय सिन्हा व अनुनीत सिन्हा की विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) पर यह निर्देश दिया है। याचिका में सिन्हा परिवार ने पटना हाईकोर्ट के 26 फरवरी, 2024 के फैसले में बदलाव करने की अपील की है। 

सेना प्रमुख ने उज्बेकिस्तान में आईटी लैब का उद्घाटन किया

भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने बुधवार को उज्बेकिस्तान में एक अत्याधुनिक आईटी लैब का उद्घाटन किया। उज्बेक सशस्त्र बल अकादमी खोली गई यह लैब साइबर सुरक्षा के लिहाज से अहम है। सितंबर 2018 में रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान इस लैब को लेकर समझौता हुआ था, जो दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में मील का पत्थर है। जनरल पांडे द्विपक्षीय सैन्य सहयोग के नए रास्ते तलाशने के लिए 15-18 अप्रैल तक उज्बेकिस्तान का दौरा कर रहे हैं।

बैनर नष्ट करने के आरोप में दो महिला पर्यटकों पर मामला दर्ज

केरल के कोच्चि में एक इस्लामी छात्र संगठन द्वारा फलस्तीन के समर्थन में लगाए बैनर को नष्ट करने के आरोप में दो विदेशी महिला पर्यटकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार की शाम फोर्ट कोच्चि पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में हुई थी। वहां दो महिला विदेशी पर्यटक मौजूद थीं और उनमें से एक ने जंकर जेट्टी के सामने ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन’ (एसआईओ) द्वारा फलस्तीन के समर्थन में लगाए गए बैनर को नष्ट कर दिया।

हिमाचल में भारत के पहले गांव तक पहुंची दूरसंचार की सुविधा

हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में कौरिक और गुएआ गांव में दूरसंचार की सुविधा पहुंच गई है। सीमावर्ती क्षेत्र में समुद्र तल से 14,931 फुट की ऊंचाई पर बसे कौरिक और गुएआ गांव को भारत का पहला गांव माना जाता है। दूरसंचार विभाग के इंजीनियरों और अन्य कर्मचारियों की टीम ने अपने अथक परिश्रम के दम पर असंभव लगने वाले इस कार्य को कर दिखाया है। सीमावर्ती गांवों को दूर संचार सुविधा से जोड़ने की मुहिम के तहत इस गांव को जोड़ा गया है। 

अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर कार-टैंकर भिड़े, 10 की मौत

गुजरात के खेड़ा जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को तेज रफ्तार कार और टैंकर की भीषण टक्कर में कार सवार 10 लोगों की मौत हो गई। नडियाड ग्रामीण पुलिस थाने के इंस्पेक्टर किरीट चौधरी ने कहा कि कार वडोदरा से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। तभी वह एक्सप्रेसवे पर खड़े एक टैंकर के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जिन्होंने बाद में दम तोड़ दिया।

आचार संहिता उल्लंघन, केसीआर को चुनाव आयोग ने थमाया नोटिस

कांग्रेस के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में चुनाव आयोग ने बुधवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व सीएम के चंद्रशेखर राव (केसीआर) को नोटिस जारी कर 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक स्पष्टीकरण मांगा है। कांग्रेस नेता जी निरंजन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आयोग ने कहा, केसीआर ने पांच अप्रैल को कांग्रेस की आलोचना करते हुए आचार संहिता का उल्लंघन किया था।

समलैंगिक समुदाय के मुद्दे निपटाने के लिए केंद्र ने गठित की समिति

केंद्र ने समलैंगिक समुदाय के मुद्दों पर गौर करने के लिए कैबिनेट सचिव की अगुवाई में एक समिति गठित की है। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले वर्ष 17 अक्तूबर को केंद्र सरकार से समलैंगिक समुदाय के मुद्दों पर गौर करने के लिए उच्चाधिकार प्राप्त समिति गठित करने को कहा था। समिति केंद्र और राज्य सरकार को ऐसे कदमों के बारे में सुझाव देगी, जिससे बिना किसी भेदभाव तक पहुंच सुनिश्चित हो सके। केंद्रीय गृह सचिव, विधायी सचिव, स्वास्थ्य सचिव, महिला एवं बाल विकास सचिव और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सचिव इस समिति के सदस्य हैं। 
विज्ञापन

एलगार परिषद मामले की आरोपी शोमा सेन जेल से रिहा

एलगार परिषद-माओवादी संबंध मामले की आरोपी और नागपुर विश्वविद्यालय की पूर्व प्रोफेसर शोमा सेन को बुधवार दोपहर जेल से रिहा कर दिया गया। अंग्रेजी साहित्य के 66 वर्षीय प्रोफेसर को 5 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी। वरिष्ठ जेल अधिकारी ने बताया कि 6 जून 2018 को मामले में गिरफ्तार सेन सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मध्य मुंबई की भायखला जेल से बाहर आ गई हैं। उनकी वकील इंदिरा जयसिंह ने सोशल मीडिया पर उनकी रिहाई के बारे में ट्वीट करते हुए कहा, आखिरकार वह बाहर आ गई हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें