मेडचल-मलकजगिरी जिले के नचाराम में श्रीकारा बायोटेक कृषि कीटनाशक गोदाम में कल रात आग लग गई। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक मालूम नहीं चल पाया है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
मुंबई में सहार पुलिस ने एक 42 वर्षीय यात्री को फ्लाइट में 'बीड़ी' जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यात्री की पहचान मोहम्मद फकरुद्दीन मोहम्मद अम्मरूद्दीन के रूप में हुई है। शख्स को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सहार पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 336 और विमान अधिनियम की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जेल में कट्टरपंथ फैलाने के मामले को बेंगलुरु लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) मामले के रूप में जाना जाता है। इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज छह राज्यों में कई स्थानों पर छापे मारे। जांच अधिकारियों ने नकदी के साथ-साथ कई डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। एनआईए की टीमों ने आज सुबह कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल में विभिन्न स्थानों पर संदिग्धों के परिसरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 25 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप और 4 स्टोरेज डिवाइस, विभिन्न देशों के करेंसी नोटों के अलावा विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद हुई।
श्रीलंका ने 20 भारतीय मछुआरों को रिहा किया है। कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने मछुआरों की रिहाई और स्वदेश वापसी से पहले इनकी तस्वीर साझा की। उच्चायोग ने बताया कि मंगलवार को मछुआरों को कोलंबो से चेन्नई भेजा गया।
आंध्र प्रदेश के श्रम मंत्री जी जयराम ने वाईएसआर कांग्रेस छोड़ दी है। पार्टी छोड़ने के बाद मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया। मंगलागिरी में टीडीपी और जनसेना की बैठक के दौरान एन चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद रहे। जयराम ने उनकी मौजूदगी में टीडीपी की सदस्यता ग्रहण की। राज्यपाल एस अब्दुल नजीर के कार्यालय से जारी गजट अधिसूचना में जयराम के मंत्रिमंडल से बाहर होने की पुष्टि हुई।
राज्यपाल ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 164 (1) के तहत उन्हें प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल किया। खबरों के मुताबिक आगामी चुनावों के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र में कथित फेरबदल से जयराम वाईएसआर कांग्रेस नेतृत्व से नाराज हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर बताया कि 1300 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया। सीएम सरना ने कहा कि विश्वसनीय इनपुट के आधार पर, कछार पुलिस ने चुराइबारी चेकपॉइंट पर एक वाहन को रोका और 1317 किलोग्राम गांजा वाले 439 पैकेट बरामद किए। इस संबंध में दो लोगों को पकड़ा गया है और आगे की जांच जारी है।