आजकल अपराधियों में किसी का डर नहीं रहा है। खुलेआम गुंडा-गर्दी करना आम बात हो गई है। मुंबई के पूर्वी उपनगर कुर्ला के एक इलाके में रविवार को एक व्यक्ति ने सरेआम गोलीबारी की। इससे एक शख्स की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
चूनाभट्टी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर करीब सवा तीन बजे चूनाभट्टी के आजाद गली इलाके की है। यहां एक व्यक्ति ने इलाके के निवासियों पर गोली चला दी, जिसमें सुमित येरुंकर नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर करीब 16 गोलियां चलाईं। शिकायत मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जोन 6 के पुलिस उपायुक्त हेमराज सिंह राजपूत ने कहा कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए नौ टीमों का गठन किया गया है, जिनकी पहचान कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी निजी दुश्मनी का नतीजा थी।
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में लगातार अपराध बढ़ता जा रहा है। यहां एक विवाद को लेकर 17 वर्षीय एक लड़के पर कथित तौर पर हमला कर उसे घायल करने के लिए कॉलेज के सात छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर शनिवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने बताया कि लड़का 12वीं कक्षा में पढ़ता है। छात्र 22 दिसंबर को कॉलेज से घर लौट रहा था तभी आरोपियों ने उसका पीछा किया और उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
इसके बाद, आरोपी छात्र को एक सुनसान जगह पर ले गए और लोहे की छड़ों से उसकी पिटाई की और उस पर चाकू से वार किया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी का इस महीने की शुरुआत में मामूली विवाद को लेकर लड़के से झगड़ा हो गया था और मामले में अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। पीड़ित का इलाज चल रहा है।
एक महिला से एक व्यक्ति ने कथित तौर म्यूचुअल फंड निवेश पर उच्च रिटर्न का वादा कर 18.56 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। ठाणे के एमएफसी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि मार्च 2021 और मार्च 2023 के बीच 47 वर्षीय गृहिणी ने आरोपी की सलाह पर पैसा निवेश किया, लेकिन वह उसे ब्याज, लाभांश या अन्य भुगतान देने में विफल रहा, जो उसे मिलना चाहिए था।
मुंबई पुलिस के 37 वर्षीय एक कांस्टेबल की रविवार दोपहर पतंग की डोर से गला कटने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब मृतक समीर सुरेश जाधव वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर वकोला पुल पर था।
अधिकारी ने बताया कि जाधव गोरेगांव के दिंडोशी पुलिस थाने में काम करता है। वह अपनी मोटरसाइकिल से वर्ली स्थित अपने घर वापस जा रहे थे। तभी पतंग की डोर से गला कट गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि खेरवाड़ी पुलिस अधिकारी जांच के तहत घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।