एक्स पर मुख्यमंत्री स्टालिन ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री स्टालिन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात मिचौंग के तुरंत बाद तमिलनाडु में आई अभूतपूर्व बाढ़ के बारे में जानकारी लेने के लिए उन्हें फोन किया। स्टालिन ने कहा, हमने संसाधनों की कमी के बावजूद राज्य सरकार द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर बचाव और राहत प्रयासों के बारे में उन्हें बताया और केंद्र सरकार से तत्काल वित्तीय सहायता मांगी है।
स्टालिन ने कहा, प्रधानमंत्री ने इन दोनों आपदाओं से निपटने के लिए केंद्र सरकार के समर्थन का आश्वासन दिया है और बताया है कि उन्होंने बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को नियुक्त किया है।
पीएमओ ने की उच्च स्तरीय बैठक
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने तमिलनाडु में बाढ़ के बाद की स्थिति का जायजा लेने के लिए रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान राज्य की मदद के लिए विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम के दौरे पर भी चर्चा
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीएमओ के अधिकारियों ने राज्य में राहत और पुनर्वास उपायों पर चर्चा के लिए तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की तैनाती और जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर सहित सशस्त्र बलों की मदद पर भी चर्चा हुई। बैठक में नुकसान का आकलन करने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम के दौरे पर भी चर्चा की गई।
हाल के दिनों में हुई भारी बारिश और जलभराव ने दक्षिणी राज्य के कुछ हिस्सों को बुरी तरह प्रभावित किया है। तब मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राहत पहलों पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।