केरल के एक रेस्तरां के पीछे नकली शराब बनाने की इकाई चलाने के आरोप में 44 वर्षीय एक डॉक्टर और पांच अन्य को गिरफ्तार किया गया है।
कुछ समय से चल रही थी इकाई
आबकारी अधिकारियों ने शनिवार को बताया इरिंजालाकुडा के रहने वाले एलोपैथी डॉक्टर अनूप की देखरेख में पेरिंगोटुकारा में कुछ समय से गिरोह यह इकाई चला रहा था।
टीम ने औचक छापा मारा
अधिकारी ने बताया कि आबकारी आयुक्त के दस्ते को अवैध शराब उत्पादन इकाई के बारे में एक जानकारी मिली। सूचना मिलने पर त्रिशूर आबकारी सर्कल इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम ने औचक छापा मारा और आरोपी को पकड़ लिया।
1,072 लीटर नकली शराब बरामद
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कुल 1,072 लीटर नकली शराब, दो कार और एक एयर-गन जब्त की गई। वहीं, आरोपियों से पूछताछ जारी है।
भारतीय और अमेरिकी सेना संयुक्त रूप से अभ्यास कर रहे हैं। संयुक्त अभ्यास 'वज्र प्रहार 2023' के दौरान जीपीएडीएस का उपयोग करके हवाई लड़ाई, लड़ाकूओं को बचने और भार को सटीक रूप से गिराने में प्रशिक्षित किया गया।
मुंबई के अस्पताल के कूड़ेदान में मिला नवजात शिशु का शव
मुंबई पुलिस ने नगर निगम द्वारा संचालित एक अस्पताल परिसर में कूड़ेदान के अंदर एक नवजात शिशु का शव मिलने के बाद मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सायन अस्पताल के नाम से मशहूर लोकमान्य तिलक म्यूनिसिपल जनरल अस्पताल के एक सफाईकर्मी ने शौचालय के कूड़ेदान के अंदर एक नवजात शिशु का शव देखा। उन्होंने डॉक्टरों को इसकी जानकारी दी। डॉक्टरों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पुलिस को सूचना दी।
सायन पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एक अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि और सुराग मिल सकें।
3.30 लाख बुजुर्गों, दिव्यांगों ने पिछले 11 विधानसभा चुनावों में घरेलू मतदान सुविधा का उपयोग किया
पिछले 11 विधानसभा चुनावों में कम से कम 3.30 लाख विकलांग लोगों और 80 साल या उससे अधिक उम्र के मतदाताओं ने घर पर मतदान की सुविधा का लाभ उठाया है। सूत्रों ने शनिवार को आंकड़ों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि पिछले 11 राज्य विधानसभा चुनावों में 80 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 2.6 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों और 70,000 से अधिक दिव्यांगों ने घर पर मतदान की सुविधा का लाभ उठाया है। वहीं, नवीनतम विधानसभा चुनाव मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में हुए थे, इससे पहले गुजरात, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा और कर्नाटक में चुनाव हुए थे।
ड्रग रैकेटियर ललित पाटिल और तीन अन्य 18 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेजे गए
नासिक की एक अदालत ने शनिवार को करोड़ों रुपये के मेफेड्रोन जब्ती मामले में गिरफ्तार ड्रग रैकेटियर ललित पाटिल और तीन लोगों को 18 दिसंबर तक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पाटिल, चौधरी, शेख और पंत को 18 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया, जबकि अदालत ने शिंदे को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पाटिल के अलावा, मामले के सिलसिले में अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
महाराष्ट्र : लातूर में 26.58 लाख रुपये से भरा एटीएम उड़ाया
महाराष्ट्र के लातूर स्थित नांदेड़-बीदर राजमार्ग पर शिरूर-ताजबंद में शुक्रवार देर रात 1:50 बजे बदमाशों ने एक एटीएम मशीन से 26.58 लाख रुपये चुरा लिए। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि बाघ का मुखौटा पहने एक व्यक्ति समेत चार से पांच लोगों ने घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने एटीएम मशीन को रस्सी से बांध दिया और कियोस्क के बाहर खड़े अपने चार पहिया वाहन से उसे खींचकर उखाड़ दिया। वे चार पहिया वाहन में एटीएम से 26.58 लाख रुपये लेकर चले गए। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने बाघ का मुखौटा पहन रखा था, जबकि अन्य ने टोपी, मफलर और दस्ताने पहन रखे थे। एटीएम का स्वामित्व रखने वाली भुगतान प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी ईपीएस के प्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है। अपराधियों को पकड़ने के लिए अपराध शाखा की चार टीमों को तैनात किया गया है।
पूर्व सीएम चंद्रशेखर राव की हालत में सुधार- डॉक्टर
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव अस्पताल में भर्ती हैं। केसीआर गुरुवार को एर्रावल्ली स्थित फार्महाउस में गिर गए थे। बता दें उन्हें हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती किया गया है। शनिवार को डॉक्टरों ने जानकारी देते हुए कहा कि तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की हालत में सुधार है। डॉक्टर के मुताबिक फिलहाल उन्हें दर्द नहीं हो रहा है, पूरे दिन उन्होंने आराम किया। यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा लगातार उनकी मेडिकल जांच की जा रही है, मेडिकल जांच से जुड़ी बुलेटिन रिपोर्ट समय-समय साझा की जा रही है।
मुंबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने 4 लाख वीजा आवेदन को निपटाया
भारत-अमेरिका के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों का असर अब दिखने लगा है। मुंबई में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास के अधिकारी माइक हैंकी ने शनिवार को बताया कि 2023 में अमेरिकी दूतावास ने भारत में कुल 12 लाख वीजा आवेदनों का निपटारा किया। इनमें से मुंबई वाणिज्य दूतावास ने करीब 4 लाख वीजा आवेदनों को निपटाया। हैंकी ने कहा कि यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस साल गर्मी में भारत में अमेरिकी दूतावास ने रिकॉर्ड संख्या में लगभग 90 हजार छात्र वीजा जारी किए, जो अमेरिका में विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में शामिल होंगे।
पीटीआई मुख्यालय पहुंचे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पदभार संभालने के बाद किसी भी समाचार कक्ष में अपनी पहली यात्रा के रूप में प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया कार्यालय का दौरा किया। प्रधानमंत्री करीब एक घंटा एजेंसी मुख्यालय में रहे और उसकी हाल ही में लॉन्च हुई वीडियो सेवा के कामकाज को करीब से देखा। प्रधानमंत्री ने इस दौरान पीटीआई के सभी कर्मचारियों से छोटी छोटी टुकड़ियों में बातचीत की। वरिष्ठ संपादकीय व कार्यकारी कर्मचारियों के साथ भी समय बिताया और मीडिया के सामने चुनौतियों व मौकों पर विस्तार से चर्चा भी की।
बंदरगाह स्थित कंटेनर से 14 करोड़ रुपये की सिगरेट जब्त
नवी मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर एक कंटेनर में तकरीबन 14.67 करोड़ रुपये की कीमत की सिगरेट जब्त की गई है। राजस्व खुफिया निदेशालय ने मामले की सूचना मिलते ही कार्रवाई की। शनिवार को एक अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मंगलवार को कंटेनर की जांच से पता चला कि माल गलत दर्शाया गया है, जबकि पूरे कंटेनर में सिगरेट भरी हुई थी।
नासिक में परिवहन के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर फटा
महाराष्ट्र के नासिक शहर में गंगापुर रोड पर शनिवार शाम एक वाहन में ले जाते समय एक ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया, जिससे कुछ लोग मामूली रूप से घायल हो गए। विस्फोट के कारण, सिलेंडरों को ले जा रहा वाहन, एक कार और एक ऑटो-रिक्शा को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा एक दुकान और घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
पुलिस ने कहा कि एक वाहन तीन ऑक्सीजन सिलेंडर ले जा रहा था, इसी दौरान स्पीड-ब्रेकर से टकरा गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने कहा, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सिलेंडर का वाल्व ठीक से नहीं लगाया गया था, जिससे ऑक्सीजन का रिसाव हो रहा था।
चेन्नई : पेट्रोल बम मामले में एनआईए के अधिकारियों ने किया मौका मुआवना
सरदार पटेल रोड पर राजभवन के सामने एनआईए अधिकारियों ने शनिवार को उस स्थान का दौरा किया, जहां 25 अक्तूबर को हिस्ट्रीशीटर करुक्का विनोथ ने पेट्रोल बम फेंके थे। पेट्रोल बम राजभवन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने एक बैरिकेड के करीब गिरे थे।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि एनआईए टीम ने राज्य के अधिकारियों की मदद से घटना स्थल का सर्वेक्षण किया। उन्होंने घटना वाले दिन ड्यूटी पर तैनात रहे राज्य पुलिस कर्मियों से भी बातचीत की। पेट्रोल बम कांड को लेकर एनआईए ने केस दर्ज किया था। राजभवन पेट्रोल बम कांड का आरोपी करुक्का विनोथ हिस्ट्रीशीटर है।
चेन्नई में साबुन पाउडर के गोदाम में लगी आग
उत्तरी चेन्नई के मनाली के वायाकाडु इलाके में एक साबुन पाउडर के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। इससे 100 करोड़ रुपये के सामान का नुकसान हो गया। अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने में दमकल की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और पिछले पांच घंटे से आग पर काबू पाने का काम जारी है। जिस निजी गोदाम में आग लगी, उसके पास ही इंडियन ऑयल कंपनी की एक गैस सिलेंडर फैक्ट्री भी स्थित है, जिससे आग फैलने का डर है। मनाली पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची। तमिलनाडु अग्निशमन विभाग की संयुक्त निदेशक प्रिया रविचंद्रन ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयासों का निरीक्षण किया। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। पूरा इलाका गन्ने के खेतों से घिरा हुआ है।