ऑनलाइन कंटेंट की निगरानी के लिए PIB की फैक्ट चेक इकाई
केंद्र ने सरकार से ऑनलाइन कंटेंट की सटीक निगरानी के लिए प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) के तहत तथ्य फैक्ट चेक इकाई गठित की है। बुधवार को इस इकाई के लिए अधिसूचना जारी की गई। ऑनलाइन तथ्यों की जांच के लिए गठित इस इकाई को 2021 के आईटी नियमों के तहत अधिसूचित किया गया है। यह नियम इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बनाए थे।
गलत सूचनाओं से निपटने के लिए नोडल एजेंसी
अधिसूचना के मुताबिक, केंद्र सरकार के किसी भी व्यवसाय के संबंध में ऑनलाइन कंटेंट की निगरानी के लिए जांच इकाई बनाई गई है। इसे केंद्र सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक यूनिट माना जाएगा। सरकार ने कहा है कि फैक्ट चेक यूनिट केंद्र सरकार से संबंधित सभी फर्जी खबरों या गलत सूचनाओं से निपटने या सचेत करने वाली नोडल एजेंसी होगी।
परभणी में बस पुल से गिरी, 30 यात्री घायल
महाराष्ट्र के परभणी जिले में बुधवार की सुबह राज्य परिवहन की एक बस पुल से गिर गई, जिससे बस में सवार लगभग 30 यात्री घायल हो गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दुर्घटना के समय बस परभणी के जिंतूर से सोलापुर की ओर जा रही थी।
अधिकारी ने बताया कि बस चालक के नियंत्रण खो देने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि मुंबई से लगभग 500 किमी दूर स्थित परभणी के जिंतूर तालुका के अकोली में बस एक पुल से नीचे गिर गई।
परभणी के पुलिस अधीक्षक रवींद्रसिंह परदेशी ने कहा, 'इस हादसे में लगभग 30 यात्री घायल हुए हैं और सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि घायल लोगों को शुरू में जिंतूर में एक चिकित्सा सुविधा केंद्र में ले जाया गया और बाद में सभी को परभणी शहर के एक सरकारी अस्पताल भेजा गया।
एक कार से 70.39 लाख रुपये जब्त
चुनाव सेल के स्टेटिक सर्विलांस स्क्वाड ने एक कार से 70.39 लाख रुपये जब्त किए और दो लोगों को हिरासत में लिया।
मुंबई पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में से एक सीए है और दूसरा मुंबई के घाटकोपर इलाके के पंतनगर में आयकर विभाग का प्रैक्टिशनर है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह पैसा नवी मुंबई के वाशी के एक डेवलपर का था। इस मामले की जांच जारी है।
आयकर विभाग ने टीएमसी नेता के आवास पर छापा मारा
आयकर (आईटी) विभाग की जांच शाखा के अधिकारियों ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता स्वरूप विश्वास के यहां स्थित आवास पर बुधवार को छापा मारा। स्वरूप पश्चिम बंगाल के बिजली मंत्री अरूप विश्वास के भाई हैं।
आयकर सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईटी अधिकारी कर चोरी और आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में शहर में स्वरूप के छह परिसरों पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान सुबह शुरू किया गया है।
असम के सीएम ने किया रतन टाटा और एन. चंद्रशेखरन का धन्यवाद
हिमंत बिस्वा सरमा
- फोटो : ANI
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य में आगामी 27,000 करोड़ रुपये की टाटा सेमीकंडक्टर की सुविधा के लिए रतन टाटा और एन चंद्रशेखरन को धन्यवाद दिया है। उन्होंने बताया कि 2025 तक पहला चिप्स सामने आएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "असम में आगामी 27,000 करोड़ रुपये की टाटा सेमीकंडक्टर सुविधा हमें विश्व सेमीकंडक्टर मानचित्र पर लाएगी। इससे पूर्वी भारत का आर्थिक परिदृश्य बदल जाएगा। असम की लोगों की ओर से, आज मुंबई में मैंने रतन टाटा और एन. चंद्रशेखरन का धन्यवाद किया। उन्होंने इस मेगा गेम चेंजिंग निवेश को क्रियांवित करने के लिए हमारे राज्य के दृढ़ विश्वास को बढ़ाया है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (फाइल)
- फोटो : ani
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को पांचवीं बार राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच साथ काम करने को लेकर सहमति बनी है। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत और रूस के विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
SSC ने मणिपुर के लिए सरकारी नौकरी परीक्षा परिणाम वापस लिया
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने अनजाने में एक चरण का डेटा छूट जाने के बाद मणिपुर राज्य से संबंधित कुछ परीक्षा परिणामों को वापस ले लिया है। मणिपुर राज्य के लिए एसएससी ने 15 मार्च को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ), सचिवालय सुरक्षा बल (एसएसएफ) में सिपाही और असम राइफल्स और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो परीक्षा, 2022 में राइफलमैन का परीक्षा परिणाम जारी किया था। एसएससी ने एक अधिसूचना में बताया कि रिजल्ट के दौरान एक चरण का डेटा अनजाने में छूट गया था। जिसके कारण 15.03.2024 को प्रकाशित परिणाम को वापस लिया गया है। उम्मीदवारों के पूरे डेटा को शामिल करते हुए मणिपुर के संबंध में संशोधित अंतिम परिणाम जल्दी ही जारी किया जाएगा
गुस्से में झूठी FIR: असम में अदालत नाराज; POCSO कानून के तहत शिकायत दर्ज करने का निर्देश
कोर्ट (प्रतीकात्मक)
- फोटो : istock
असम के धुबरी जिले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने के मामले में सख्ती दिखाई है। झूठी शिकायत करने वाले शख्स के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए अदालत ने बेंच सहायक को जरूरी निर्देश दिया।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता ने एफआईआर दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने उसकी 16 वर्षीय बेटी के साथ बलात्कार किया। शिकायत में नाबालिग की आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया। आरोपी को नवंबर 2023 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान, शिकायतकर्ता ने न्यायाधीश के सामने स्वीकार किया कि उसने गुस्से में एफआईआर दर्ज कराई। गुस्से का कारण आरोपी की तरफ से उसकी बेटी के साथ शादी रचाने का प्रस्ताव है। दिलचस्प है कि शिकायतकर्ता ने ही न्यायिक कार्यवाही रोकने की अपील भी की।
श्रेष्ठा नेट्स-2024 (SHRESHTA (NETS) की परीक्षा अब 11 मई, 2024 को होगी। इससे पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 12 मार्च, 2024 को सार्वजनिक सूचना जारी कर बताया था कि भारत के कुछ राज्यों में चुनावों के कारण 24 मई, 2024 को परीक्षा होगी। चुनाव के कारण अब श्रेष्ठा 2024 परीक्षा 11 मई, 2024 को ही कराई जाएगी।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने ओडिशा हाईकोर्ट में एक हलफनामा दायर किया है। इसमें कहा गया है कि ओडिशा सरकार ने पारादीप तट पर 2009 के मंगोलियाई मालवाहक जहाज की जांच के लिए 'अनापत्ति' देने के उसके दो अनुरोधों का जवाब नहीं दिया है। सीबीआई ने एक आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा दायर जनहित याचिका के जवाब में मंगलवार को हलफनामा दायर किया, जिसमें देश की प्रमुख जांच एजेंसी द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने पर ओडिशा सरकार के उदासीन रवैये के खिलाफ अदालत के हस्तक्षेप की मांग की गई थी।
मुख्य न्यायाधीश चक्रधारी शरण सिंह की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले को दो सप्ताह बाद फिर से सुनवाई के लिए स्थगित कर दिया है। केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय की सिफारिशों के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू करने के लिए ओडिशा सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा था। लेकिन राज्य सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके कारण आरटीआई कार्यकर्ता प्रदीप कुमार प्रधान को हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
यह है घटना
चालक दल के 27 सदस्यों और 23,000 मीट्रिक टन लौह अयस्क को लेकर जा रहा मंगोलियाई मालवाहक जहाज 'एम वी ब्लैक रोज' नौ सितंबर 2009 को रहस्यमयी परिस्थितियों में पारादीप बंदरगाह से पांच किलोमीटर दूर डूब गया था। तटरक्षक बल ने नौका के एक इंजीनियर को छोड़कर चालक दल के सभी सदस्यों को बचा लिया था।
टीएमसी-भाजपा समर्थकों में झड़प के बाद राज्यपाल बोस ने किया दिनहाटा का दौरा
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बुधवार को कूचबिहार जिले के दिनहाटा इलाका का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। मंगलवार को यहां टीएमसी-भाजपा समर्थकों में झड़प हुई थी। कूचबिहार का दौरा करने के बाद राज्यपाल बोस ने कहा कि पुलिस को क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त सुरक्षा देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी कि लोग क्षेत्र में शांति और सद्भाव से रहें। राज्यपाल ने कहा कि वह इस मामले को डीजीपी के समक्ष भी उठाएंगे। उन्होंने कहा कि हर समस्या का एक समाधान होता है। हम इसका समाधान ढूंढ लेंगे। इस बार शांतिपूर्ण चुनाव होगा।
केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक और बंगाल के मंत्री उदयन गुहा के समर्थकों के बीच मंगलवार रात दिनहाटा में झड़प हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के कई समर्थक घायल हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। इस घटना में एक उपमंडलीय पुलिस अधिकारी भी घायल हो गये थे। तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना के विरोध में बुधवार को दिनहाटा में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया था।
सोमेंदु इराक और अभिलाषा चिली में भारत के अगले राजदूत नियुक्त
विदेश मंत्रालय ने सोमेंदु बागची को इराक में और अभिलाषा जोशी को चिली में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया है। मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। 1993 बैच के एक भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी, बागची वर्तमान में विश्व मामलों की भारतीय परिषद (आईसीडब्ल्यूए) के उप महानिदेशक हैं। अभिलाषा जोशी (आईएफएस 1995) वर्तमान में मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं।
मणिपुर में नदी में डूबने से एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में एक राहत शिविर में परिवार के साथ रह रहे चार बच्चे नदी में डूब गए। बच्चों की उम्र चार से नौ वर्ष के बीच है। इनमें तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल है। यह परिवार जातीय संघर्ष के कारण तुईबुओंग में ‘ईसीए कनान’ राहत शिविर में रह रहा था। बच्चे मंगलवार को शिविर के पास स्थित तुइथा नदी में नहाने गए थे। जब काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिवार ने तलाश शुरू की। बुधवार सुबह बच्चों के शव नदी में मिले।
ठाणे में इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी फटने से घर की छत ढही, तीन घायल
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक घर में इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी फटने से छत ढह गई और तीन लोग घायल हो गए। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि हादसा मंगलवार रात कलवा इलाके के शांति नगर स्थित एक घर में हुआ। बैटरी में धमाका होने से घर की छत के साथ पड़ोसी की दीवार भी ढह गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। विस्फोट होने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।