फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: मिजोरम में मिली रात में उड़ने वाली छिपकली, आंध्र प्रदेश में लॉरी की टक्कर से तीन हाथियों की मौत

Thu, 15 Jun 2023 07:55 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सांपों की तरह तेज आवाज निकालती है ये छिपकली - फोटो : iStock
विज्ञापन
मिजोरम विश्वविद्यालय और जर्मनी के मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर बायोलॉजी के शोधकर्ताओं ने मिजोरम के लॉन्गतलाई कस्बे के पास उड़ने वाली छिपकली खोजी है। शोधकर्ताओं ने इसे गेको मिजोरमेनसिस नाम दिया है। इस खोज से संबंधित अध्ययन को 15 मई को हर्पेटोलॉजी (सरीसृप विज्ञान) के प्रतिष्ठित सलामेंदरा जर्नल में प्रकाशित किया गया। अध्ययन के मुताबिक करीब 20 सेमी लंबी यह छिपकली पेड़ों पर रहती है। खाने की तलाश में यह रात को अक्सर उड़ते हुए जाती है।
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश के चित्तूर में लॉरी की टक्कर से तीन हाथियों की मौत
उधर, आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में लॉरी ट्रक की चपेट में आने से तीन नवजात हाथियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि चित्तूर जिले के पालमनेरु मंडल में बुधवार को यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन हाथी चित्तूर-पलामनेरु हाईवे पार कर रहे थे, तभी लॉरी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने के बाद वन अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारियों ने कहा कि लॉरी ट्रक चालक के लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण यह घटना हुई, जो फरार है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

अनुराग गोयल बने असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अनुराग गोयल को असम का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। असम सचिवालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, जनप्रतिनिधित्व कानून, 1950 (1950 का 43) की धारा 13ए की उपधारा (1) के प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आईएएस अधिकारी अनुराग गोयल को असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में नामित किया जाता है।
विज्ञापन


बीआरएस के सांसद और दो विधायकों के ठिकानों पर छापे
आयकर विभाग के अधिकारियों ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक पी. शेखर रेड्डी और एम. जनार्दन रेड्डी तथा सांसद के. प्रभाकर रेड्डी के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े परिसरों पर बुधवार को छापे मारे। आयकर अधिकारियों ने विधायकों और सांसद की कंपनियों की कर अदायगी की पुष्टि के लिए छापे मारे। नागरकुरनूल विधानसभा क्षेत्र से विधायक जनार्दन रेड्डी के कुछ शॉपिंग मॉल में भी आयकर विभाग ने छापे मारे। प्रभाकर रेड्डी मेडक से लोकसभा सदस्य हैं, जबकि शेखर रेड्डी भोंगीर से विधायक हैं। रेड्डी ने कहा, चुनाव से पहले पार्टी की छवि खराब करने के लिए यह कार्रवाई की।   

तुलजा भवानी मंदिर में अब तक 207 किलोग्राम सोना मिला
औरंगाबाद। महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में प्रशासन प्रसिद्ध तुलजा भवानी मंदिर में चढ़ावे की गणना जारी है। अभी तक 207 किलोग्राम सोना और सोने के आभूषण, 1,280 किलोग्राम चांदी और चांदी के आभूषण और 354 हीरे की गणना हुई है। मंदिर के एक अधिकारी ने कहा कि यह गणना अगले दो सप्ताह तक चलेगी। औरंगाबाद से लगभग 280 किलोमीटर दूर तुलजापुर में सदियों पुराने इस मंदिर हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। एक हफ्ते पहले, प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने चढ़ाये गए सामान की गिनती शुरू की थी।

सिद्धरमैया को राहत, लिंगायत सीएम संबंधी टिप्पणी पर शिकायत खारिज
बंगलूरू। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान लिंगायत मुख्यमंत्री से जुड़ी एक टिप्पणी को लेकर सीएम सिद्धरमैया के खिलाफ दायर एक निजी मानहानि शिकायत को एमपी-एमएलए कोर्ट ने खारिज कर दिया। शंकर शेत और मल्लैया हिरेमथ की ओर से दायर निजी शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधानसभा चुनाव के दौरान सिद्धरमैया ने मीडिया के एक सवाल के जवाब में लिंगायत समुदाय को अपमानित किया था। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें