पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में रविवार को देसी बमों के फटने से पांच बच्चे घायल हो गए। यह घटना कलियाचक थाना क्षेत्र के गोपालगंज में हुई थी। इसकी जांच को लेकर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण के चेयरमैन ने राज्य के मुख्य सचिव व डीजीपी को पत्र लिखा है।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के गोपालनगर गांव में हुए बम विस्फोट की जांच को लेकर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के चेयरमैन प्रियंक कानूनगो ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को एक पत्र लिखा है। इस बम विस्फोट में पांच बच्चे घायल हुए थे।
विज्ञापन
पत्र में घायल हुए बच्चों को तत्काल प्रभाव से राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा घायलों का इलाज सुनिश्चित करने और उनकी मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है। यह भी कहा गया है कि ऐसे मानक उठाए जाएं जिससे ऐसी घटना दोबारा न होने पाए।
पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में देसी बम विस्फोट के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। रविवार को भारत-बांग्लादेश सीमा के पास कालियाचक के गोपालनगर गांव में बम विस्फोट होने की घटना में चार बच्चे घायल हो गए थे। ये बच्चे वहां खेल रहे थे।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक अमिताभ मैती ने बताया कि जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे सभी स्थानीय निवासी हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल और मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती दो बच्चों की हालत स्थिर है।
उन्होंने कहा कि एक बम निरोधक दस्ता एक स्थानीय मस्जिद के पास एक पेड़ के नीचे पाए गए बमों को निष्क्रिय कर रहा है। आस-पास और विस्फोटकों के होने की आशंका के मद्देनजर इलाके को खंगाला जा रहा है।