National Herald Case: विरोध करते कांग्रेसी
- फोटो : Agency
विपक्षी दलों के ये नेता बने हैं ईडी का निशाना
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक, ईडी के फेर में फंस चुके हैं। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने फरवरी में मलिक की कई संपत्तियों को कुर्क किया था। उन्हें मुंबई स्थित आर्थर रोड जेल में बंद किया गया। प्रवर्तन निदेशालय ने मलिक पर टेरर फंडिंग का आरोप लगाया है। जांच एजेंसी का आरोप था कि नवाब मलिक अंडरवर्ल्ड के लोगों से संबंध रखते हैं। हवाला से भी उनके तार जुड़े हैं। ईडी ने 22 मार्च को महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के साले श्रीधर पाटनकर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई की है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी भी ईडी के निशाने पर रहे हैं। पांच अप्रैल को पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामले में ईडी ने शिवसेना सांसद संजय राउत के अलीबाग स्थित आठ प्लॉट और दादर में एक फ्लैट को कुर्क कर दिया था। बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व विधायक अनम नाइक, तमिलनाडु में टीटीवी दिनाकरन और जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े कथित घोटाले में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला भी ईडी का निशाना बन चुके हैं।
मोदी जब डरते हैं तो ईडी को आगे कर देते हैं: दिग्विजय सिंह
राहुल गांधी की ईडी में पेशी के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, मोदी जब डरते हैं तो वे ईडी को आगे कर देते हैं। ये कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी व दूसरे विपक्षी दलों के अनेक नेताओं को ईडी के जरिए परेशान किया जा चुका है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, सरकार को शांतिपूर्ण मार्च से क्या दिक्कत है। केंद्र सरकार, अपनी इन हरकतों से लोकतंत्र को कुचलना चाहती है। अंत में सत्य की जीत होती है। राहुल गांधी की जीत तय है। कांग्रेस पार्टी के राजस्थान से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, राहुल गांधी पर फर्जी केस लगाया गया है। मोदी सरकार, बौखला गई है।
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, राहुल गांधी तमाम निराधार आरोपों से बरी होंगे। आखिर में सत्य की जीत होगी। कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा, नेशनल हेराल्ड अखबार, जिसके सहारे आप कांग्रेस के नेतृत्व को झुकाना चाहते हैं और डराना चाहते हैं, यह उसी स्वतंत्रता संग्राम की साल 1937 में स्थापित एक पहचान और आवाज भी है। जब आज के हुक्मरान अंग्रेजों की मुखबिरी कर रहे थे, तब कांग्रेस के लोग इस देश की मिट्टी को अपने खून और पसीने से सींच रहे थे। उन स्वतंत्रता सेनानियों की आवाज है ये नेशनल हेराल्ड अखबार। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता, न डरेंगे और न ही झुकेंगे। वे हर भाजपाई हथकंडे को विफल कर देंगे।