मुंबई से मॉरीशस जा रही एयर मॉरीशस की फ्लाइट में शनिवार अल-सुबह बड़ी समस्या पैदा हो गई। इसके एसी सिस्टम पूरी तरह फेल हो गए, जिसके चलते इसमें सवार यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बताया गया है कि इससे फ्लाइट में बैठे कई बच्चे और एक 78 साल के बुजुर्ग को सांस की समस्या पैदा हो गई। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें विमान से करीब पांच घंटे तक उतरने नहीं दिया गया।
फ्लाइट में सवार एक यात्री ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि विमान को सुबह 4.30 बजे उड़ान भरनी थी। इसके लिए 3.45 बजे यात्रियों की बोर्डिंग शुरू कर दी गई। हालांकि, इसके बाद विमान में इंजन की समस्या आ गई। फ्लाइट के उड़ान न भरने के बावजूद यात्रियों को पांच घंटे तक बैठे रहना पड़ा और उन्हें नीचे उतरने नहीं दिया गया।
बताया गया है कि एयरलाइन ने इंजन को ठीक करने के लिए इंजीनियर्स की एक टीम को स्पेयर पार्ट्स के साथ बुलाया। हालांकि, इसके ठीक न हो पाने के बाद सुबह करीब 10 बजे कैप्टन ने एलान किया कि फ्लाइट के रद्द होने की जानकारी दी। इस पर यात्री ने शिकायत करते हुए कहा कि इतना इंतजार कराने के बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया और उन्हें मॉरीशस भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।