गुजरात के बनासकांठा में विश्वास सारंग
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के मंत्री और भाजपा नेता विश्वास सारंग ने शुक्रवार को कथित तौर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना दिव्यांग कलाकार 'कामो' से की। वहीं कांग्रेस ने दिव्यांग कलाकार का मजाक उड़ाने के लिए भाजपा पर पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा कि भगवा पार्टी राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' की सफलता से बौखला गई है।
कौन है कामो?
सारंग गुजरात के बनासकांठा जिले के अंबाजी कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कामो को गुजरात में कामा के रूप में भी जाना जाता है। यह कलाकार गुजरात में अपने अनोखे डांस के लिए फेमस है और अक्सर लोक गायकों के लाइव कार्यक्रमों में एक सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में दिखाई देता है।
'कामो' से की राहुल गांधी की तुलना
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सारंग, राहुल गांधी की तुलना कामो से करते नजर आ रहे हैं और उनका मजाक उड़ाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में भाजपा नेता कथित तौर पर कहते हैं- "वह कौन था? हां, कामो...आप देख सकते हैं कि कामो ने 'भारत जोड़ो' कहकर अपनी यात्रा कहां से शुरू की है।"
डॉ. मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी पर भी किया हमला
सारंग आगे कहते हैं कि वह गरीबी हटाओ के बारे में बात करते हैं, लेकिन 40 हजार रुपये की कीमत वाली टी-शर्ट पहनते हैं। इसके बाद सोनिया गांधी पर परोक्ष हमला करते हुए सारंग ने कहा कि कामो की मम्मी 'मौनमोहन सिंह' को रिमोट से कंट्रोल करती थीं।
गुजरात कांग्रेस ने ऐसे किया पलटवार
वहीं वायरल वीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा, कामो एक दिव्यांग कलाकार हैं। राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' में लाखों लोगों को शामिल होते देख भाजपा नेता बौखला गए हैं और अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। राज्य में भाजपा करीब तीन दशकों (27 साल) से सत्ता में है।