मोहाली ब्लास्ट- हरविंदर सिंह रिंदा
- फोटो : Amar Ujala
नांदेड़ साहिब में शिफ्ट हो चुका है रिंदा का परिवार
पंजाब पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर इसी बात की ओर इशारा हो रहा है कि हरविंदर सिंह रिंदा के कहने पर पंजाब में माहौल बिगाड़ा जा रहा है। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक हरविंदर सिंह रिंदा इस वक्त पाकिस्तान में मौजूद है। रिंदा पर चंडीगढ़ पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज किए हैं। इसके अलावा हरविंदर सिंह रिंदा पर चंडीगढ़ पुलिस के थाना प्रभारी को जान से मारने की धमकी का भी मामला दर्ज है। फिलहाल हरविंदर सिंह रिंदा का परिवार महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब में शिफ्ट हो चुका है। लेकिन रिंदा का मूल जिला तरनतारन है। रिंदा के ऊपर तरनतारन में भी अपने रिश्तेदार की हत्या का आरोप है, इसके अलावा महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब में भी कई मामलों में वसूली और अन्य घटनाओं के मामले दर्ज है। पंजाब पुलिस के मुताबिक 2016 में दो मामले रिंदा के खिलाफ और दर्ज हुए थे जिसमें रिंदा को भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
पंजाब पुलिस के सूत्रों और खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि करनाल में जो हथियार पकड़े गए थे, उसमें जिन चार लोगों को हिरासत में लिया गया था वह रिंदा के ही हैंडलर थे। जो रिंदा के कहने पर हथियारों की पूरी खेप को देश के अलग-अलग इलाकों में लेकर जा रहे थे। खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में ड्रग्स की तस्करी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि पूरे मामले में महाराष्ट्र के कुछ बड़े ड्रग पेडलर भी शामिल हैं।