मिजोरम के मुख्यमंत्री और मौजूदा सत्ताधारी पार्टी एमएनएफ (मिजो नेशनल फ्रंट) के अध्यक्ष जोरामथांगा ने दावा किया है कि विपक्षी पार्टियों के पास कोई मुद्दा नहीं है, तभी वह नई राजनीतिक व्यवस्था की मांग उठा रहे हैं। राजधानी आइजवाल में पार्टी के एक कार्यक्रम 'मिजो ह्नम रन' में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम जोरामथांगा ने कहा कि विपक्षी पार्टी जोराम पीपल्स मूवमेंट, उनकी सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं ढूंढ सके तो लोगों से नई राजनीतिक व्यवस्था के नाम पर प्रयोग करने के लिए कह रहे हैं।
सीएम ने विपक्ष को घेरा
जोरामथांगा ने कहा कि जैसे-जैसे समय गुजरेगा, लोग उनके प्रयोगों में उनका साथ देना बंद कर देंगे। बता दें कि जोराम पीपल्स मूवमेंट 2018 के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बनकर उभरी थी। जोराम पीपल्स मूवमेंट द्वारा राज्य में नई राजनीतिक व्यवस्था लाने की अपील की जा रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलियाना ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि 'लोग हमें इस बात से आंकेंगे की हमने अभी तक क्या उपलब्धियां हासिल की हैं और मौजूदा वक्त में हम क्या कर रहे हैं ना कि नए प्रयोग करने के लिए।'
सात नवंबर को होगा मिजोरम में मतदान
बता दें कि सोमवार को चुनाव आयोग ने मिजोरम समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया। मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। एक चरण में होने वाले चुनाव के नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 20 अक्तूबर है और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 23 अक्तूबर है। सत्ताधारी एमएनएफ और विपक्षी पार्टी जोराम पीपल्स मूवमेंट ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। एमएनएफ सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सीएम जोरामथांगा आइजवाल ईस्ट-1 सीट से चुनाव लड़ेंगे। एमएनएफ ने 15 सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है।