उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी प्रचार रणनीति तैयार करना शुरू दी है। उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी समेत भाजपा के कई नेताओं की रविवार को बनारस और दिल्ली में बैठकें हुईं। इनमें तय हुआ की अगले डेढ़ महीने के भीतर उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में 200 से ज्यादा रैलियों का आयोजन किया जाए। केंद्र सरकार के 30 मंत्रियों को इन रैलियों और कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है।
बीते डेढ़ माह में की आधा दर्जन रैलियां
बीते डेढ़ महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश में आधा दर्जन से ज्यादा दौरे और रैलियां कर चुके हैं। लखनऊ में होने वाले पुलिस के एक बड़े कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह 20 नवंबर को मौजूद रहेंगे। जबकि लखनऊ के सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी लगातार उत्तर प्रदेश में पहुंच रहे हैं।
चुनाव प्रचारक जल्द मैदान में उतरेंगे
भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 200 से ज्यादा रैलियों कार्यक्रमों और जनसंवाद का आयोजन किया जाना है। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री से लेकर पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश से जुड़े तमाम नेता और भाजपा के कद्दावर नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि शुरुआती दौर में 18 केंद्रीय मंत्रियों को अगले 30 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों में ऐसी ही रैली और कार्यक्रमों के माध्यम से पहुंचने का निर्देश भी दिया जा चुका है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही भाजपा अपने चुनाव प्रचारकों को मैदान में उतार देगी।