भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि अगले तीन-चार दिन के दौरान उत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अनुमान है। विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 29 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद इन इलाकों में बारिश में कमी आएगी।
विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बना कम दबाव क्षेत्र में कमी आई है। हालांकि उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और इससे लगते इलाकों में संबंधित चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ। एक अन्य चक्रवाती सर्कुलेशन उत्तर बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है।
इनके असर के चलते उत्तर बंगाल की खाड़ी और पड़ोसी इलाकों में 28 जुलाई तक कम दबाव का क्षेत्र बना रहेगा। इन दो सिस्टमों के प्रभाव के चलते उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 29 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके बाद इसमें कमी आएगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 व 28 जुलाई को जबकि उत्तरपूर्व उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। 27 जुलाई से ओडिशा, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत मध्य व पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों में व्यापक बारिश हो सकती है।