हिरासत में लिया गया आरोपी
अहमदाबाद-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना देने के आरोप में पुलिस ने मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पश्चिम रेलवे के पुलिस अधीक्षक बलराम मीणा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजकर 20 मिनट पर अहमदाबाद स्टेशन से रवाना हुई। यात्री अमित सिंह की ट्रेन छूट गई और उसने शहर के पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन करके दावा किया कि अहमदाबाद-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में बम है।
डेढ़ घंटे तक की गई गहन जांच
उन्होंने बताया कि ट्रेन को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मेहसाणा स्टेशन पर रोका गया। बम निरोधक एवं श्वान दस्तों की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक उसकी गहन जांच की गई। उन्होंने बताया कि ट्रेन में एक लावारिस सामान बैग के अलावा कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। जिसमें आरोपी व्यक्ति का फोन नंबर और पता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बैग को अहमदाबाद में ट्रेन में डाल दिया और समय पर चढ़ने में विफल रहा। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने दूसरी ट्रेन पकड़ी और उसे उंझा रेलवे स्टेशन पर हिरासत में ले लिया गया।
आत्महत्या की बनाई थी योजना
मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले अमित सिंह अहमदाबाद में रहते थे और बेरोजगार थे। अधिकारी ने बताया कि वह पिछले तीन-चार महीने से आर्थिक दिक्कतों से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा,'आरोपी ने जोधपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा करने और वहां आत्महत्या करने की योजना बनाई थी। उसने ट्रेन छूटने के बाद हताशा और चिंता के कारण यह फर्जी कॉल किया।' उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों और मेहसाणा पुलिस के कर्मियों ने श्वान दस्ते की मदद से ट्रेन की तलाशी ली। लेकिन, उन्हें एक लावारिस बैग मिला जिस पर अमित सिंह का नाम लिखा था।
प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया
उन्होंने कहा, 'हमें बैग में कीटनाशक की एक बोतल मिली। जिसका इस्तेमाल व्यक्ति अपनी आत्महत्या करने के लिए करना चाहता था। जब उनकी ट्रेन छूट गई तो उन्होंने अहमदाबाद शहर के पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया। वह मानसिक रूप से अस्थिर हैं, और हम उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए ले गए हैं। हम प्राथमिकी दर्ज करेंगे और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई करेंगे।'