मणिपुर के उखरुल में संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई। एक दिन पहले भी गोलीबारी में एक महिला की हत्या हुई थी। मणिपुर में हिंसा का यह सिलसिला कब थमेगा? पढ़िए रिपोर्ट
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो गाड़ियों पर गोलीबारी की। इसमें चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
घटना कहां और कैसे हुई?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना इंफाल-उखरुल सड़क पर न्यू हेवन इलाके में हुई। यहां हथियारबंद उग्रवादियों ने दो चारपहिया वाहनों पर गोलियां चलाईं। अधिकारी ने कहा, 'दोनों कारों में सफर कर रहे दो पुरुषों और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों गाड़ियों के सामने वाले शीशों पर गोलियों के निशान मिले'।
यह घटना एक दिन बाद हुई है। इससे पहले कांगपोकपी जिले के ताफू कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास एक इलाके में दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस दौरान 42 साल की एक कुकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, दो पुरुष घायल हो गए थे।
कब शुरू हुई थी हिंसा?
मणिपुर में मई 2023 में जातीय हिंसा शुरू हुई थी। यह हिंसा घाटी में रहने वाले मैतेई समुदाय और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच शुरू हुई थी। इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 49 लोग अब भी लापता हैं। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।
इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच झड़पें हो रही हैं। इन झड़पों में अब तक कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।