तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष पोचाराम श्रीनिवा रेड्डी के काफिले में शामिल एक गाड़ी से टकराकर एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष एक आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने हैदराबाद से बांसवाड़ा जा रहे थे। मेडक जिले में सड़क पार कर रहा एक व्यक्ति उनके काफिले की एक कार से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय की ओर से एक बयान भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि एक मजदूर सड़क पार कर रहा था जब काफिले में पुलिस की गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलने पर अध्यक्ष ने व्यक्ति के इलाज का निर्देश दिया, लेकिन पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना में वाहन चालक (एक हेड कॉन्स्टेबल) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।