पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
नीट और जेईई की परीक्षा के आयोजन को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में बनर्जी ने मांग की है कि नीट और जेईई की परीक्षाएं फिलहाल रोकने के लिए केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करे, जिससे छात्र मानसिक पीड़ा से मुक्त हो सकें।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट कोविड-19 महामारी के चलते जेईई और नीट की परीक्षाएं स्थगित करने से इनकार कर चुका है। अदालत ने 17 अगस्त को जेईई (मेन) और नीट-यूजी की परीक्षाएं स्थगित करने के लिए दायर याचिका खारिज करते हुए कहा था कि छात्रों का कीमती वर्ष बर्बाद नहीं किया जा सकता है।
इन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। छात्रों के साथ-साथ कई राजनीतिक हस्तियां भी परीक्षा स्थगित करने की मांग कर रही हैं। बनर्जी ने कहा है कि इन परीक्षाओं के चलते छात्रों की जान खतरे में पड़ने की बहुत अधिक संभावना है। वहीं, असदुद्दीन ओवौसी ने भी परीक्षाएं स्थगित करने की मांग की है।
जेईई परीक्षा देश के प्रमुख इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है जबकि नीट का आयोजन मेडिकल में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए किया जाता है। बनर्जी ने सरकार से इस खतरे का आकलन करने और हालात सुधरने तक परीक्षाएं स्थगित करने की अपील की।
बता दें कि देश भर में कई छात्रों के साथ-साथ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, ममता बनर्जी और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन सहित कई नेताओं ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि जब तक कोविड-19 महामारी के प्रसार को नियंत्रण में नहीं लाया जाता तब तक के लिए परीक्षाएं स्थगित कर दी जाएं।