महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के अकोट शहर में बुधवार को गणेश प्रतिमा जुलूस पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी और अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना शाम चार बजे नंदीपेठ इलाके में हुई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल प्रयोग करना पड़ा।
उपमंडलीय पुलिस अधिकारी अनमोल मित्तल ने कहा कि पुलिस ने कथित तौर पर पथराव करने के आरोप में 68 लोगों को हिरासत में लिया है। मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। घायल लोगों को ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है।
उल्हासनगर में गणेश प्रतिमा जुलूस के दौरान दुकानदार पर हमला, एक गिरफ्तार
ठाणे जिले के उल्हासनगर शहर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान व्यक्तियों के एक समूह ने कथित तौर पर एक दुकानदार पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात व्यक्तियों के एक समूह पर गुलाल फेंके जाने पर बहस छिड़ गई, जो हिंसा में बदल गई। एक दुकानदार और अन्य पर दूसरे समूह के सदस्यों ने हमला कर दिया और एक पत्थर भी फेंका। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हिल लाइन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच चल रही है।
एक साथ चुनाव के प्रस्ताव पर राज ठाकरे बोले- पहले महाराष्ट्र में निकाय चुनाव कराएं
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने बुधवार को कहा कि अगर केंद्र सरकार एक देश एक चुनाव सुधार के बारे में इतनी चिंतित है, तो उसे महाराष्ट्र में स्थानीय नगर निकायों के लिए जल्द से जल्द चुनाव कराना चाहिए। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) सहित राज्य में कई नगर निकायों के चुनाव लंबित हैं।
राज ठाकरे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'अगर चुनावों को इतना महत्व दिया जा रहा है, तो पहले नागरिक निकाय चुनाव कराएं।' उन्होंने कहा कि अक्तूबर तक कई नागरिक निकाय चार साल से अधिक समय तक प्रशासकों के अधीन चलेंगे। कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक उच्च स्तरीय पैनल द्वारा एक साथ चुनाव की सिफारिश को मंजूरी दे दी है, लेकिन उसे राज्यों के विचारों पर भी विचार करना चाहिए।
शक्षकों का वेतन जारी करने के लिए 40000 रुपये की रिश्वत लेने वाला गिरफ्तार
रायगढ़ जिला परिषद के प्राथमिक शिक्षा विभाग में चार शिक्षकों का वेतन जारी करने के लिए 40,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एक समन्वयक को गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने इसकी जानकारी दी। आरोपी नवेल के जटाडे में एक प्राइमरी स्कूल में डिप्टी टीचर भी था। उसने जिला परिषद स्कूल के शिक्षकों के जून और जुलाई के वेतन को जारी करने के लिए 40000 रुपये की मांग की थी। एक शिक्षक ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में इसकी शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, लेकिन आरोपी इससे बच निकलने में कामयाब रहा। बुधवार को एक बार फिर जाल बिछाया गया और इस बार आरोपी 40000 रुपये लेते हुए पकड़ा गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
ठाणे के उपवन झील में मिला एक व्यक्ति का शव
ठाणे में उपवन झील में गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। कुछ लोग वहां सुबह की सैर कर रहे थे, तभी उनका ध्यान शव पर गया। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी पाकर स्थानीय अग्निशमन कर्मी और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। मृतक की उम्र 40 से 45 के बीच बताई जा रही है। शव को सरकारी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
धुले में एक ही घर के चार लोग मृत मिले
धुले में एक दंपत्ति और उनके दो बच्चे अपने आवास पर मृत पाए गए। पुलिस को संदेह है कि दंपति ने अपने बच्चों को जहरीला पदार्थ देने के बाद आत्महत्या कर ली। सुबह के 11 बजे व्यक्ति अपने घर में लटका पाया गया। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों की जांच जारी है।
रायगढ़ में स्कूल बस से टकराई मोटरसाइकिल
रायगढ़ में एक मोटरसाइकिल एक स्कूल बस से टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। यह घटना बुधवार को पराली गांव के पास घटी। मोटरसाइकिल एक कार से आगे निकले की कोशिश कर रही थी, तभी वह बस से टकरा गई। मृतकों की पहचान विलास घोगरे, मोनेश वाघमारे और नेमनाथ जाधव के तौर पर की गई है।
'कांग्रेस से होगा अगला सीएम', बोले बालासाहेब थोराट
महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोराट ने गुरुवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री उनकी पार्टी का होगा। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें महा विकास अघाड़ी की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय निकाय और नागरिक चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा। बता दें कि इस साल के अंत में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाला है।
चोकसी की गुहार, भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की ईडी की याचिका की जाए खारिज
हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने करोड़ों रुपये के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका को खारिज करने के लिए विशेष पीएमएलए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। 2018 में सामने आए पीएनबी घोटाले में चोकसी और उसका भतीजा नीरव मोदी मुख्य आरोपी हैं।
चोकसी ने ईडी के आवेदन को रद्द करने की मांग करते हुए तर्क दिया कि एजेंसी ने सामग्री और आधारों के संबंध में अपनी दलीलों में बार-बार रुख बदला है। इसके आधार पर उसका दावा है कि घोटाले के आरोपी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जाना चाहिए। ईडी चाहता है कि चोकसी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जाए और उसकी संपत्ति जब्त की जाए। इस महीने की शुरुआत में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत में दायर अपनी याचिका में चोकसी ने ईडी की कई दलीलों और जवाबों का हवाला देते हुए उसके विरोधाभासी बयानों का जिक्र किया।