राउत बोले- उद्धव ने दिखाया बड़ा दिल
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस और एनसीपी नेता को समर्थन देने की बात कहकर बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने सत्तारूढ़ महायुति को सीएम चेहरा घोषित करने की चुनौती दी।
राज्यसभा सांसद राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने सीएम पद के लिए एमवीए के किसी भी नेता का समर्थन करने की बात कहकर बड़ा दिल दिखाया है। यह दबाव की राजनीति नहीं है। उनके रुख से महाराष्ट्र को फायदा होता है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे की मांग में क्या गलत है? ठाकरे एक पूर्व मुख्यमंत्री हैं। उनका चेहरा सभी को स्वीकार्य है। उन्होंने अपने बारे में कुछ नहीं कहा। अगर किसी में हिम्मत है, तो उन्हें अपना सीएम चेहरा घोषित करना चाहिए।
दरअसल महा विकास अघाड़ी की बैठक में ठाकरे ने कहा था कि विपक्षी गठबंधन इंडिया को पार्टियों के प्रदर्शन के आधार पर मुख्यमंत्री चुनने की बजाय चुनाव से पहले सीएम पद का चेहरा तय करना चाहिए। वह कांग्रेस और एनसीपी द्वारा तय किए गए किसी भी उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। मगर एनसीपी नेता शरद पवार ने इस पर मुद्दे पर कोई जवाब नहीं दिया। जबकि महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि सीएम पद पर फैसला इंडिया ब्लॉक के नेता करेंगे।
उधर शिवसेना (शिंदे) के सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा कि कांग्रेस कभी भी सीएम पद के लिए ठाकरे का समर्थन नहीं करेगी।
सोना लेकर एयरपोर्ट से निकलना चाहते थे आरोपी
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दो यात्रियों को 3.33 करोड़ रुपये के विदेशी सोने के साथ पकड़ा। दोनों अबूधाबी से सोना लेकर मुंबई आए थे। साथ ही सीमा शुल्क चुकाए बिना एयरपोर्ट से बाहर निकलने की फिराक में थे। दोनों आरोपी कस्टम्स ग्रीन चैनल को पार कर गए थे। जांच के दौरान उनके पास 4.25 किलो सोने का बुरादा मिला। दोनों को सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
भर्ती परीक्षा में सहकर्मी के बेटे की मदद करने पर चार पुलिसकर्मी निलंबित
ठाणे जिले में एक भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी की मदद करने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अभ्यर्थी के पिता एक सेवारत पुलिस कांस्टेबल हैं। एसपी डीएस स्वामी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अभ्यर्थी की मदद करते हुए देखे गए। जांच के बाद एक उप-निरीक्षक और तीन कांस्टेबल समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। वहीं अभ्यर्थी का चयन रद्द कर दिया गया।
कर्ज से परेशान कारोबारी ने गोली मारकर की आत्महत्या
मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में कर्ज से परेशान एक व्यवसायी ने अपने कार्यालय में तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक दक्षिण मुंबई के मझगांव निवासी ट्रांसपोर्टर इकबाल मोहम्मद सिवानी आयात-निर्यात का कारोबार करते थे। उन पर भारी कर्ज हो गया था। इसके चलते इकबाल ने जान दे दी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल से तमंचे और कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने कारोबारी के कार्यालय से फटी हुई शीट और अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस को जांच में कुछ नहीं मिला
शनिवार को एक ई-मेल के जरिये नवी मुंबई के वाशी इलाके स्थित इनआर्बिट मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद आननफानन पूरे मॉल को खाली कराया गया। हालांकि, सुरक्षा जांच में पुलिस को कहीं कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारियों ने धमकी को अफवाह करार दिया।