चाकू से हमला (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
दक्षिण मुंबई में एक रिहायशी इमारत में शुक्रवार को 54 वर्षीय एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना ग्रांट रोड स्थित पार्वती मेंशन में अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के परिवार के सदस्यों ने उससे दूरी बना ली थी। उसे संदेह था कि उसके पड़ोसियों ने उन्हें उकसाया था। वह तभी से मानसिक रूप से परेशान था। शुक्रवार को अपने पड़ोसियों को देखकर उसने अपना आपा खो दिया। वह अपने घर गया, चाकू उठाया और कथित तौर पर पड़ोसी परिवारों के पांच लोगों पर हमला कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि घायलों को गिरगांव के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान जयेंद्र और नीला मिस्त्री दंपति की मौत हो गई। डीबी मार्ग पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।
लातूर में हाईवे पर कार पलटने से चार लोगों की मौत, दो घायल
वहीं, लातूर जिले में शुक्रवार को एक कार के राजमार्ग से फिसल कर पलट जाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना लातूर-जहीराबाद राजमार्ग पर निलंगा के पास सुबह करीब 10 बजे हुई। सब-इंस्पेक्टर पीए गरजे ने कहा कि परिवार नीलांगा के उदगीर मोड से पड़ोसी राज्य कर्नाटक में बसवकल्याण जा रहा था।