फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahrashtra: महा विकास अघाड़ी के बीच तय हुआ सीट शेयरिंग का फॉर्मूला, जानें किसी पार्टी को कितनी सीटें मिली?

Wed, 23 Oct 2024 07:07 PM IST
राहुल कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

Mahrashtra: महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर सहमति बन गई है। राज्य में कांग्रेस, शिवसेना (ठाकरे) और एनसीपी (शरद पवार) मिलकर चुनाव लड़ने जा रही है। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के मुताबिक, 270 सीटों पर सहमति बन चुकी है। 
विज्ञापन
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत व अन्य। - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में 255 सीटों पर आम सहमति बन गई है। एमवीए में शामिल कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) प्रत्येक 85 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि 270 सीटों का बंटवारा हुआ है, जिसमें से 18 सीटें सहयोगी दलों को दी जाएगी।
विज्ञापन


एमवीए में 15 सीटों पर असमंजस की स्थिति अब भी बरकरार है। बुधवार शाम शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, एनसीपी (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल और नाना पटोले ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर सीटों के बंटवारे की घोषणा की। इससे पहले एमवीए के नेताओं की दक्षिण मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सेंटर में पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार के साथ ढाई घंटे मैराथन बैठक चली। इसके बाद 85-85 सीटों के बंटवारे का फार्मूला सामने आया। संजय राउत ने कहा कि तीनों दलों को बंटवारे में 85-85 सीटें मिली हैं।

वहीं, पटोले ने कहा कि 18 सीट एमवीए के सहयोगी दल जैसे शेतकरी (किसान) कामगार पार्टी, समाजवादी पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी को दी जाएगी। एमवीए की यह रणनीति विपक्ष के वोटों में बिखराव को रोकने की कवायद के रूप में देखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस के बीच विदर्भ और मुंबई की कुछ सीटों पर अब भी बात नहीं बन पाई है। इसलिए 85 का फार्मूला घोषित कर विपक्षी दलों में एकजुटता दिखाने की कोशिश की गई है।
विज्ञापन


उद्धव के दबाव में आई कांग्रेस
लोकसभा चुनाव के नतीजों में महाराष्ट्र में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके 17 सांसद हैं। जबकि शिवसेना (यूबीटी) के 9 और एनसीपी के 8 सांसद हैं। चर्चा थी कि महाराष्ट्र के चुनाव में इस बार कांग्रेस बड़े भाई की भूमिका निभाने की तैयारी में है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। समझा जा रहा है कि उद्धव ठाकरे के दबाव के कारण कांग्रेस को झुकना पड़ा है।

ठाकरे ने घोषित किए 65 उम्मीदवार, आनंद दिघे के भतीजे से होगा शिंदे का सामना
एमवीए में सीटों के बंटवारे के साथ ही शिवसेना (यूबीटी) ने एमवीए में सीटों के बंटवारे की घोषणा से पहले ही अपने 65 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। ठाकरे ने ठाणे के कोपरी-पांचपाखाड़ी सीट पर एकनाथ शिंदे के सामने उनके राजनीतिक गुरु दिवंगत आनंद दिघे के भतीजे केदार दिघे को मैदान में उतारा है। केदार दिघे को उद्धव ठाकरे का हुकुम का एक्का माना जा रहा है, जबकि ठाणे शहर से पूर्व सांसद राजन विचारे को उम्मीदवार घोषित किया है।

इसके अलावा ठाकरे की शिवसेना की सूची में वरली से आदित्य ठाकरे, बांद्रा पूर्व से आदित्य के मौसी के बेटे वरुण सरदेसाई, गोरेगांव से कांग्रेस के दिवंगत नेता गुरुदास कामत के भांजे समीर देसाई, विक्रोली से सांसद संजय राउत के भाई सुनील राउत, अंधेरी से ऋतुजी लटके का नाम शामिल है।

शिवसेना की सूची में छपाई की गलती?
शिवसेना (य़ूबीटी) की ओर से बुधवार को आनन-फानन में घोषित की गई 65 उम्मीदवारों की सूची को लेकर एमवीए की बैठक में नाराजगी प्रकट की गई। इस पर संजय राउत ने सफाई दी कि सूची को संशोधित किया जाएगा। इसमें कुछ गलती है। राउत ने कहा कि सांसद अनिल देसाई इस मामले को देखेंगे और इस सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से कल करेंगे नामांकन दाखिल
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची पहले ही जारी कर दी है।
विज्ञापन


संबंधित वीडियो-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें