महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या सौ के पार पहुंच गई है। वहीं, राज्य में कोरोना के मामले भी फिर से बढ़ने लगे हैं। शनिवार को एक दिन में कोरोना के 1485 नए मामले सामने आए जबकि एक दिन पहले शुक्रवार को राज्य में 1410 मामले सामने आए थे।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या बढ़कर 110 हो गई जिसमें सर्वाधिक 46 मरीज मुंबई में पाए गए हैं। मुंबई के अलावा ओमिक्रॉन के सर्वाधिक 22 पुणे में और पिपंरी चिंचवड़ में 19 मरीज मिले हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की संख्या फिर बढ़कर 1485 हो गई है जिसमें शनिवार को अकेले मुंबई में 731 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। सूबे में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 12 मरीजों की मौत हुई और 796 मरीज अस्पतालों से डिस्चार्ज किए गए हैं।
ओमिक्रॉन के खतरे के बीच बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन
महाराष्ट्र के नासिक जिले के ओझार इलाके में शनिवार को बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन किया गया। इस पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि "हम कार्यक्रम में कोविड नियमों के उल्लंघन के लिए आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज करेंगे।"
महाराष्ट्र में ऑक्सीजन की खपत बढ़ने पर फिर लगेगा लॉकडाउन : टोपे
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मरीज और नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के संक्रमण को देखते हुए तीसरी लहर की आशंका जताई जाने लगी है। इसके मद्देनजर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को साफ कर दिया कि राज्य में जब मेडिकल ऑक्सीजन की खपत 800 मीट्रिक टन प्रतिदिन हो जाएगी तब राज्य में फिर से लॉकडाउन लगा दिया जाएगा।
राजेश टोपे ने कहा कि ओमिक्रॉन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। लेकिन सामान्य तौर पर इन मरीजों को न तो आईसीयू की जरूरत पड़ रही है और न ही ऑक्सीजन की। लेकिन कोरोना संक्रमण से सावधानी जरूरी है। महाराष्ट्र में बीते तीन दिनों से एक हजार से अधिक कोरोना के मरीज सामने आ रहे हैं। राज्य में शुक्रवार को कोरोना के 1,410 मामले सामने आए थे। इनमें 20 ओमिक्रॉन के मामले थे।