देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र के शहरों में अब कोरोना पर नियंत्रण दिखने लगा है। नागपुर शहर में एक साल से अधिक समय के बाद पहली बार शनिवार को कोरोना के नए मामले शून्य दर्ज किए गए। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 9,356 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 61,39,493 हो गई है।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 71,050 हो गई है। राज्य में संक्रमण से ठीक होने की दर 96.72 प्रतिशत हो गई है जबकि मृत्यु दर 2.1 प्रतिशत बनी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पुणे क्षेत्र में संक्रमण के सर्वाधिक 2,304 नए मामले सामने आए और इसी क्षेत्र में सबसे अधिक 45 मरीजों की मौत हुई। मुंबई क्षेत्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 851 नए मामले सामने आए और 12 मरीजों की मौत हुई।