फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

महाराष्ट्रः क्या विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा पर मंडरा रहा संकट? दावा- शरद पवार के संपर्क में कई BJP नेता

सुरेन्द्र मिश्र, अमर उजाला, मुंबई Published by: अभिषेक दीक्षित Updated Fri, 23 Aug 2024 01:03 PM IST

सार

सत्ताधारी गठबंधन महायुति के कारण करीब एक दर्जन सीटों पर भाजपा के नेता पशोपेश में हैं। वे चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, लेकिन तीन दलों के बीच सीटों के बंटवारे में जिनका पत्ता कट सकता है। ऐसे लोग महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के नेताओं के संपर्क में हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस। - फोटो : एएनआई (फाइल)


सत्ताधारी गठबंधन महायुति के कारण करीब एक दर्जन सीटों पर भाजपा के नेता पशोपेश में हैं। वे चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, लेकिन तीन दलों के बीच सीटों के बंटवारे में जिनका पत्ता कट सकता है। ऐसे लोग महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के नेताओं के संपर्क में हैं। इसकी शुरुआत कोल्हापुर से हो सकती है, जहां उपमुख्यमंत्री फडणवीस के बेहद करीबी भाजपा नेता समरजीत घाटगे पाटिल जल्द ही शरद पवार खेमें में जा सकते हैं। वे कागल सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं।


कागल में एनसीपी विधायक हसन मुश्रीफ और समरजीत घाटगे अरसे से एक-दूसरे के कट्टर विरोधी हैं। महायुति में होने के कारण इस सीट पर मंत्री हसन मुश्रीफ की उम्मीदवारी पक्की मानी जा रही है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मुश्रीफ की उम्मीदवारी पहले ही घोषित कर दी हैं। इससे स्थानीय भाजपा नेता नाराज हैं।


सूत्रों का कहना है कि घाटगे पाटिल एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के संपर्क में हैं। उन्होंने 23 अगस्त को शाहू सहकारी चीनी मिल में अपने समर्थकों का सम्मेलन बुलाया है जिसमें वह नई राजनीतिक पारी खेलने का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, उपमुख्यमंत्री फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने उन्हें मनाने की कोशिश शुरू की है। वहीं, कोल्हापुर ग्रामीण के भाजपा अध्यक्ष राहुल देसाई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। देसाई राधानगरी भुदरगड विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। इस सीट से प्रकाश आबिटकर शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक हैं और उनकी दावेदारी अधिक मजबूत है। 


पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल पर भी डोरे डाल रहे हैं शरद पवार

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व सहकारिता मंत्री हर्षवर्धन पाटिल भी नाराज हैं। वे बारामती लोकसभा सीट के इंदापुर विधानसभा से दावेदार हैं। पाटिल ने अजित पवार से राजनीतिक बैर भूलकर लोकसभा चुनाव में उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के लिए काम किया। लेकिन, सीटिंग विधायक होने के कारण एनसीपी के दत्तात्रय भरणे को उम्मीदवारी मिलने की संभावना है। हर्षवर्धन पाटिल ने कहा, कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि इंदापुर सीट पर भाजपा चुनाव लड़े। भाजपा के नेताओं की नाराजगी पर बावनकुले ने कहा कि तीन दलों के गठबंधन महायुति के कारण जिन सीटों पर अपने नेताओं को उम्मीदवारी नहीं दे सकते उनका पार्टी में पूरा सम्मान किया जाएगा। इस दिशा में हमारा प्रयास जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next