भाजपा नेता किरीट सोमैया (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
भाजपा नेता किरीट सोमैया को हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के आदेश पर ही उन्हें सतारा जिले के कराड रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया गया था। वह इस कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे।
सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें छह घंटे तक नजरबंद रखा। जब मैंने इसका कारण पूछा तो पुलिस अधिकारियों ने मुझे एक आदेश की कॉपी थमा दी, लेकिन बाद में पता चला कि वह आदेश फर्जी था। उन्होंने कहा कि मुझे अब एक नया आदेश दिखाया गया है कि मुझे मुंबई से बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। उन्होंने कहा कि पहला आदेश फर्जी था।
मेरे अधिकारों का हनन कर रही सरकार
उन्होंने कहा कि मुझे कोल्हापुर जाने की इजाजत नहीं है। यह मेरे अधिकारों का हनन है। मैं इसके खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करूंगा। बता दें, किरीट सोमैया रविवार को कोल्हापुर जिले का दौरा करने वाले थे। उन्हें ट्रेन से कोल्हापुर जाना था। इससे पहले ही उन्हें मुंबई में नजरबंद कर दिया गया था। कोल्हापुर जिलाधिकारी का कहना था कि उनकी जान को खतरा है और उनके इस दौरे से कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है।
भ्रष्टाचार के लगाए थे आरोप
कुछ दिन पहले, सोमैया ने ग्रामीण विकास मंत्री और कोल्हापुर के कागल से विधायक मुश्रीफ पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और अपने परिजनों के नाम पर बेनामी रखने का आरोप लगाया था, बाद के मंत्री ने आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया था।