केरल हाईकोर्ट में ऑनलाइन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति बिना शर्ट के आ गया। सुनवाई के दौरान ये नजारा देख जज देवन रामचंद्रन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ये क्या है? ये कोई सर्कस नहीं है। जज देवन ने चेतावनी देते हुए कहा कि सुनवाई के दौरान इस तरह के मामले दोबारा सामने आए तो ऐसे लोगों को वे सुनवाई से हटा देंगे।
सेंट्रल आर्मी के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र दिमरी ने मंगलवार को चीन के सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना के प्रशिक्षण और तैयारियों की समीक्षा की। भारतीय सूर्या कमांड ने बताया कि चुनौतीभरी स्थिति और वातावरण में जवानों का प्रशिक्षण जारी है। समीक्षा बैठक के दौरान दिमरी ने जवानों से हमेशा तैयार रहने और हमेशा सतर्क रहने के लिए कहा।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में सीबीआई ने एक और केस दर्ज किया है। सीबीआई ने बताया कि इस साल मई में पश्चिमी मेदीनीपुर जिले में विश्वजीत महेश की हत्या के मामले में ये केस दर्ज किया गया है। सीबीआई ने अब तक चुनाव के बाद हिंसा के मामले में कुल 44 केस दर्ज किए हैं जिनकी जांच चल रही है। मालूम हो कि अगस्त में कोलकाता हाईकोर्ट ने पूरे मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 14 नवंबर को तिरूपति में दक्षिण क्षेत्रीय परिषद की बैठक को संबोधित कर सकते हैं। गृहमंत्रालय के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में दक्षिण राज्यों की नामचीन हस्तियों के साथ कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इसके अलावा अंडमान एवं निकोबार और पुड्डुचेरी के लेफ्टिनेंट गर्वनर के साथ अन्य प्रशासिकन अधिकारी भी इस बैठक में भाग लेंगे।
भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अजान पर परोक्ष आपत्ति जताते हुए कहा, सुबह सुबह तेज आवाज से न सिर्फ लोगों की नींद टूटती है बल्कि ब्रह्म मुहूर्त में ध्यान लगाए साधु-संतों की साधना भी भंग होती है। उन्होंने कहा, नींद खराब होने से उक्त रक्तचाप के मरीजों को भी मुसीबत होती है। हालांकि प्रज्ञा ने बयान में ‘अजान’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया।
गुरुपरब के मौके पर करीब 1500 श्रद्धालुओं का जत्था 17 नवंबर से 26 नवंबर तक अटारी-वाघा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के माध्यम से पाकिस्तान का दौरा करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि 19 नवंबर को गुरुपरब के महत्व के कारण यह कदम उठाया गया है। श्रद्धालु गुरुद्वारा दरबार साहिब, श्री पंजा साहिब, डेरा साहिब, करतारपुर साहिब व गुरुद्वारा सच्चा सौदा भी जाएंगे। हालांकि, करतारपुर कॉरिडोर नहीं खोला जाएगा।