फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

LS Polls 2024: दिल्ली उत्तर-पश्चिम सीट से भाजपा प्रत्याशी का दावा- पांच लाख वोटों के अंतर से दर्ज करूंगा जीत

अमित शर्मा
Updated Tue, 14 May 2024 03:17 PM IST

सार

अमर उजाला ने उत्तर-पश्चिमी लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी योगेंद्र चंदोलिया से मिलकर यह जानने की कोशिश की कि उनकी लड़ाई कितनी मजबूत है और इस बार भाजपा के लिए संभावनाएं क्या हैं? प्रस्तुत है वार्ता के प्रमुख अंश... 
विज्ञापन
विज्ञापन
योगेंद्र चंदोलिया। - फोटो : अमर उजाला


प्रश्न- कांग्रेस-आम आदमी पार्टी के साथ आने से क्या इस बार भाजपा के लिए चुनौती बढ़ गई है?   

उत्तर- बिल्कुल नहीं। हमें कोई अंतर नहीं पड़ता है कि कौन पार्टी किसके साथ है। हमारे लिए केवल यह महत्त्वपूर्ण है कि जनता हमारे साथ है। (कार्यक्रम में शामिल लोगों की तरफ संकेत करते हुए) आप देख रहे हैं कि हर समाज, हर वर्ग के लोग हमारे साथ खड़े हैं। आप चुनौती की बात कर रहे हैं, तो यह कांग्रेस प्रत्याशी के लिए है। मुझे कोई चुनौती दिखाई नहीं दे रही है। यदि उन्हें उत्तर पश्चिमी लोकसभा सीट के हर बूथ पर कार्यकर्ता मिल जाएंगे, यदि वे अपनी जमानत बचा लें तो उनके लिए यही बड़ी जीत होगी। जनता के समर्थन के बूते यह बात आपसे कह रहा हूं कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ मतों से हम जीतेंगे। पांच लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल होगी। 


प्रश्न- पांच लाख वोटों के अंतर से जीत बहुत बड़ी बात है। अपनी जीत के प्रति यह आत्मविश्वास किसके बल पर है?

उत्तर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज के बल पर। उनकी बातों पर, मोदी जी की गारंटी पर देश की जनता को भरोसा है। देश की जनता को भरोसा है कि मोदी जी के हाथ में देश सुरक्षित है, मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार विकास कर रहा है। लोगों को भरोसा है कि मोदी जी के नेतृत्व में ही उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सकता है, देश विकास कर सकता है। यही कारण है कि जनता मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की और भाजपा गठबंधन को 400 सीटें देने की तैयारी कर चुकी है। इस भरोसे पर ही कह रहा हूं कि इस बार हम एतिहासिक जीत हासिल करेंगे और यह दावा केवल अपनी सीट के लिए ही नहीं कर रहा हूं, दिल्ली की सातों सीटें इस बार हम एतिहासिक जनमत के साथ जीतेंगे।


प्रश्न- कांग्रेस-आम आदमी पार्टी का दावा है कि अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद जनता का समर्थन उनकी ओर मुड़ा है। क्या आपको लगता है कि सहानुभूति का लाभ कांग्रेस-आप प्रत्याशियों को मिल सकती है?  

उत्तर- कौन कह रहा है? वे अपने मुंह से चाहे जो कह लें, सच्चाई यह है कि केजरीवाल जहां भी सभा करने जा रहे हैं, लोगों को शराब घोटाले की सच्चाई याद आ रही है। लोग उनसे पूछ रहे हैं कि बच्चों के स्कूल बनाने में कितना भ्रष्टाचार किया गया, लोगों को दवा देने में भी भ्रष्टाचार हो रहा है, मुख्यमंत्री आवास बनाने में भ्रष्टाचार हो रहा है। केजरीवाल के सामने आते ही लोगों को उनके सभी भ्रष्टाचार की याद आ जाती है। केजरीवाल के जेल से बाहर आने से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को लाभ की जगह, नुकसान हो रहा है।    


प्रश्न- राहुल गांधी कह रहे हैं कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो युवाओं, महिलाओं को एक-एक लाख रुपये मिलेंगे। क्या कहेंगे?

उत्तर- कल ही दिल्ली में दो लोगों ने यह आरोप लगाया है कि कांग्रेस के प्रत्याशी उन्हें एक-एक लाख रुपये देने के लिए आए थे। वोटों को खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन व्यक्ति ने शिकायत कर दी है। जल्द ही उन पर केस भी दर्ज हो जाएगा। राहुल गांधी लोगों को कैसे पैसा देंगे। जिन्होंने पूरी जिंदगी पूरे देश को लूटा है, आज वे पैसा कैसे देंगे। लोग असलियत जानते हैं, यही कारण है कि किसी को भी उनकी बात पर भरोसा नहीं है।    

 

प्रश्न- आपको क्या लगता है कि इस बार जनता के लिए सबसे बड़ा मुद्दा क्या है? 

उत्तर- इस बार जनता के लिए सबसे बड़ा मुद्दा प्रधानमंत्री को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का है। देश को सुरक्षित रखने का है,  देश को आगे बढ़ाने का है। लोग अपने मन में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए ठान चुके हैं। हम अपने काम के बल पर वोट मांग रहे हैं। हमने पिछले दस साल में पूरे देश में जो काम किया है, मैंने अपने क्षेत्र में जो काम किया है, उसके बल पर जनता के साथ का भरोसा है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next