रविशंकर प्रसाद तथा प्रकाश जावड़ेकर (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
मोदी मंत्रिमंडल से बाहर किए गए रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर जैसे भारी भरकम नेताओं को पार्टी संगठन में जगह दी जाएगी। फिलहाल भूपेंद्र यादव के मंत्रिमंडल में शामिल होने से एक महासचिव का पद खाली हुआ है। पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी को और राष्ट्रीय सचिव विश्वेश्वर टूडू को भी मंत्री बनाया गया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जल्द ही इन रिक्त स्थानों पर नई नियुक्तियां करने जा रहे हैं। इनमें जावड़ेकर और प्रसाद को समायोजित किए जाने की संभावना है। उन्हें पार्टी संगठन में काम करने का लंबा अनुभव भी है।
जावड़ेकर मंत्री रहते हुए भी कई राज्यों के चुनाव प्रभारी रहे। उन्होंने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान में विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से चुनाव प्रभारी का दायित्व निभाया। महाराष्ट्र में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान शिवसेना से सीटों के तालमेल का सारा जिम्मा प्रधानमंत्री की ओर से जावड़ेकर के पास ही था। साथ ही जावड़ेकर और रविशंकर दोनों ही सरकार के प्रवक्ता रहे हैं।
अगले वर्ष होने वाले आठ राज्यों के विधानसभा चुनाव को लोकसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में यह दोनों भाजपा प्रवक्ता की जरूरत भी पूरी करेंगे। वहीं मंत्रिमंडल से बाहर हो चुके डॉ. हर्षवर्धन और रमेश पोखरियाल निशंक को उनके गृह राज्य दिल्ली और उत्तराखंड के पार्टी संगठन में कोई जिम्मेदारी दी जा सकती है। उत्तराखंड में अगले वर्ष फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने हैं।