देश में पशुओं पर दिन-ब-दिन बढ़ती क्रूरता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसके लिए हाल ही में खुद पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर क्रूरता करने वालों को कड़ा दंड देने और मानव-पशु संघर्ष घटाने में उनके हस्तक्षेप की गुजारिश की गई है।
कार्यकर्ता और सुप्रीम कोर्ट के वकील ने लिखा पत्र
यह पत्र बीते दिनों तमिलनाडु के नीलगिरी में एक हाथी पर जलता टायर फेंकने समेत महाराष्ट्र, गोवा व तेलंगाना में कई जगहों पर कुत्तों के साथ बर्बरता की घटनाओं के बाद पशु अधिकार कार्यकर्ता और सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभम अवस्थी ने लिखा था। इसमें उन्होंने इंसानों द्वारा की जाने क्रूरता के पीछे कठोर दंड का अभाव बताया है।
अवस्थी के मुताबिक, पशुओं पर जुल्म करने वाले अकसर 50 रुपये का जुर्माना देकर छूट जाते हैं। भारत में किसी जमाने में लोग पशुओं के साथ सौहार्द से रहते थे लेकिन अब लगता है कि बेजुबानों की जान की परवाह ही नहीं रही है।
अवस्थी ने पत्र में पीएम से इस मुद्दे पर गौर करने की उम्मीद जताई है। उन्होंने इससे पहले केरल में गर्भवती हथिनी को मारने की घटना के बाद मानव-पशु संघर्ष कम करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की थी।