वकील प्रशांत भूषण ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष दावा किया कि लखीमपुर खीरी मामले के गवाह पर बीती रात हमला किया गया। भूषण ने इस आधार पर सुप्रीम कोर्ट से इस मामले के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा की जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की।
पिछले हफ्ते भी भूषण ने इस याचिका पर जल्द सुनवाई करने की मांग की थी। इस पर चीफ जस्टिस एनवी रमण ने 11 मार्च को सूचीबद्ध करने की बात कही थी। भूषण ने कहा कि सुनवाई आज होनी थी। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि ऑफिस की गलती के कारण ऐसा हुआ। उन्होंने कहा कि मंगलवार को इसे सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।
भूषण ने शीर्ष कोर्ट से शुक्रवार को कहा कि बीती रात मामले के एक अहम गवाह पर हमला किया गया। इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिश्रा को जमानत देने के आदेश के खिलाफ पीड़ित परिवार की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि हाईकोर्ट ने मिश्रा को जमानत देते समय शीर्ष अदालत द्वारा तय किए गए सभी दिशानिर्देशों की अवहेलना की।