2011 की जनगणना में गरीबी रेखा से नीचे के लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा। यह जानने के लिए कि क्या आपको इसका लाभ मिले गा या नहीं आपको mera.pmjay.gov.in पर जाना होगा। यहां आपको अपना मोबाइल नंबर टाइप करना होगा और कैप्चा डालना होगा। इसके बाद जेनरेट ओटीपी पर क्लिक करते ही आपके फोन पर एक मैसेज आएगा। उसमें लिखे ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) को वेबसाइट पर डालकर ओटीपी वेरिफाइ करना होगा। इसके बाद राज्य सेलेक्ट करना होगा और अन्य जानकारी जैसे मोबाइल नंबर या नाम आदि विकल्प चुनकर अपना नाम देख सकेंगे।
बता दें कि हाल ही में सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (एसईसीसी) डेटाबेस के आधार पर लोगों का मोबाइल नंबर और राशन कार्ड नंबर इकट्ठा करने के लिए अभियान चलाया गया था। जिन लोगों ने इसमें अपना मोबाइल नंबर या राशन कार्ड नंबर जमा कराया था उनका नाम ही वेबसाइट पर दिखेगा।
योजना का लाभ लेने के लिए मरीज को अस्पलाल जाकर आरोग्य मित्र को अपना पहचान पत्र देना होगा। आरोग्य मित्र यह चेक करेगा कि मरीज योजना में योग्य है या नहीं। इसके बाद वह आपको एक ई-कार्ड देगा। इस कार्ड में आपकी फोटो और पता दर्ज होगा। एक बार ई-कार्ड बन जाने के बाद पूरी प्रक्रिया को दोहराना नहीं पड़ेगा। ई-कार्ड दिखा कर ही आगे भी योजना का लाभ ले सकेंगे।
आयुष्मान योजना के तहत इसके लाभार्थियों का इलाज बिल्कुल मुफ्त रहेगा। अस्पताल इसके लिए कोई राशि नहीं मांगेगे। यदि कोई आपसे रुपये की मांग करता है तो आप हेल्पलाइन नंबर 14555 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवा सकेंगे।