केरल के भाजपा नेता अनिल एंटनी ने फलस्तीन के समर्थन में निकाली गई रैली में हमास नेता के संबोधन की आलोचना की है। अनिल एंटनी ने कहा कि बीते कुछ सालों में केरल में कट्टरपंथी संगठन तेजी से बढ़े हैं। एंटनी ने राज्य की वामपंथी सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि सरकार आतंकियों से मिली हुई है।
अनिल एंटनी ने राज्य सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अनिल एंटनी इन दिनों पार्टी के लिए प्रचार करने मिजोरम के दौरे पर हैं। आइजवाल में मीडिया से बात करते हुए अनिल एंटनी ने कहा कि बीते कुछ सालों में केरल में कट्टरपंथी संगठन तेजी से बढ़े हैं। अभी केरल में वामपंथी पार्टी का शासन है और कांग्रेस पार्टी और मुस्लिम लीग दो मुख्य विपक्षी पार्टियां हैं। ये तीनों पार्टियां विपक्षी गठबंधन का हिस्सा हैं। कल एक आतंकी नेता ने केरल में बड़ी रैली को संबोधित किया। भाजपा इसकी कड़ी निंदा करती है। बीते कुछ महीनों में एनआईए ने केरल में कई जांच की हैं और एक बार फिर से एनआईए जांच करेगी। राज्य सरकार आतंकी संगठनों से मिली हुई है।
केरल की रैली को हमास नेता ने किया संबोधित
बता दें कि केरल के मलप्पुरम में जमात ए इस्लामी की यूथ विंग सॉलिडेरिटी यूथ मूवमेंट द्वारा फलस्तीन के समर्थन में एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को हमास के शीर्ष नेता खालेद मशाल ने वर्चुअली संबोधित किया। जिस पर खूब विवाद हुआ। खालेद मशाल हमास के संस्थापक सदस्यों में से एक है और वह साल 2017 तक हमास का अध्यक्ष रहा था। भाजपा ने केरल की रैली में हमास के शीर्ष नेता के संबोधन पर हैरानी जताई और पूछा कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?
वहीं जहां शनिवार को केरल की रैली में हमास के नेता के संबोधन की चर्चा है, इस बीच रविवार को केरल कई धमाकों से दहल गया। यह धमाके केरल के एर्नाकुलम में एक प्रार्थना सभा के दौरान हुए। इन धमाकों में एक महिला की मौत हो गई है और 20 से ज्यादा लोग घायल हैं।