भाजपा की कोर कमेटी की मीटिंग में येदियुरप्पा ने पार्टी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि आप लोगों को विपक्ष को तोड़फोड़ का कोई भी मौका दिए बिना आत्मविश्वास के साथ रहना होगा और अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 140 सीटें दिलाने के लिए काम करना होगा।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने पार्टी के नेताओं को नसीहत दी है। उन्होंने रविवार को एक कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को सलाह दी कि उन्हें विपक्ष को कम नहीं आंकना चाहिए। आने वाले विधानसभा चुनाव में किसी भी तरह की कोताही पार्टी को भारी पड़ सकती है।
विज्ञापन
भाजपा की कोर कमेटी की मीटिंग में येदियुरप्पा ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता भाजपा के संपर्क में हैं। पार्टी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि आप लोगों को उन्हें तोड़फोड़ का कोई भी मौका दिए बिना आत्मविश्वास के साथ रहना होगा और अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 140 सीटों के साथ सत्ता में वापस लाने के लिए प्रयास करने होंगे।
इसके साथ ही उन्होंने पार्टी में ओबीसी और दलित समुदाय के नेताओं को ज्यादा मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन समुदायों के लोगों से ही पार्टी मजबूत हो सकेगी। हमें बूथ लेवल पर 20 से 25 महिलाओं और युवा नेताओं को शामिल करना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहित योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मैं जल्दी ही पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरे राज्य की यात्रा पर निकालूंगा। हमें हनागल और सिंदागी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में जीत हासिल करनी होगी। यदि हम ऐसा नहीं कर पाते हैं तो फिर यह पार्टी के लिए गलत संकेत होगा। पार्टी के किसी भी नेता को इन उपचुनावों को हल्के में लेने की गलती करने से बचना चाहिए।
बता दें कि इसी साल 26 जुलाई को येदियुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राजभवन पहुंच कर राज्यपाल थावरचंद गहलोत को अपना इस्तीफा सौंपा था। येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा ऐसे समय दिया था, जब उसी दिन कर्नाटक की भाजपा सरकार के दो साल पूरे हुए थे।