कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी के बेटे चिदानंद की कार के चपेट में आने से 56 साल के एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान बागलकोट जिले के चिक्कहंडागल गांव के रहने वाले किसान कोडलेप्पा बोली के रूप में हुई है।
हादसे के बाद किसान को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चिदानंद के ड्राइवर हनुमंत सिंह राजपूत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हादसे की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, चिदानंद सावदी की कार का एक्सीडेंट सोमवार देर शाम हुंगुंड कस्बे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-50 पर कुडलसंगम क्रॉस के पास हुआ था।
उस वक्त किसान अपनी बाइक से खेतों से वापस घर लौट रहा था। पुलिस ने बताया कि यह कार मंत्री लक्ष्मण सावदी के बेटे चिदानंद सावदी की है, लेकिन इसका कोई सबूत नहीं मिला है कि चिदानंद कार चला रहा था।