अपने झूठ में फंस चुके हैं इमरान खान
रक्षा विशेषज्ञ संदीप थापर के अनुसार, कश्मीर में निर्दोष लोगों की हत्या, इसके पीछे पाकिस्तान की एक बड़ी साजिश है। वह चाहता है कि घाटी में शांति कायम न हो। पाकिस्तान में इमरान खान की सियासत ‘कश्मीर’ के ऊपर टिकी है। वे अपने लोगों से कश्मीर को वापस लाने का झूठ बोलते रहे हैं। कैप्टन अनिल गौर का कहना है, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और आईएसआई अपने ही बुने जाल में फंस चुके हैं। उन्हें पाकिस्तान की जनता को जवाब देना है। अनुच्छेद 370 खत्म होने के बाद घाटी में हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। आतंकी भी मारे जा रहे हैं। अब पड़ोसी देश ने ओवर ग्राउंड और अंडर ग्राउंड वर्कर की मदद से आतंकवाद को बढ़ावा देना शुरू कर दिया है। घाटी में ये दोनों तरह के वर्कर नॉन लोकल को निशाना बना रहे हैं। बाहर के लोगों को धमकाया जा रहा है कि वे यहां से चले जायें। अगर काम के लिए यहां बाहर के लोग आते हैं तो वे घाटी में रहने लगेंगे। ऐसे ही उनकी संख्या बढ़ती जाएगी। पाकिस्तान अपने गुर्गों के द्वारा इसीलिए घाटी में दहशत का माहौल पैदा कर रहा है। ओवर ग्राउंड और अंडर ग्राउंड वर्कर का सुरक्षा बल इनका पता लगा रहे हैं, मगर इस मामले में स्थानीय लोग सबसे बड़े मददगार साबित हो सकते हैं। वजह, ओवर ग्राउंड वर्कर सामान्य लोगों के बीच रह कर आतंकियों को सूचना मुहैया कराने से लेकर उन्हें टारगेट तक पहुंचाने के लिए हर तरह की मदद करते हैं।