देर रात आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती के दुग्गिराला में एवाई शुभम माहेश्वरी कोल्ड स्टोरेज में आग लग गई। इस दौरान मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची, हालांकि किसी के घायल होने की अभी सूचना नहीं है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
ईरानी झंडे वाले जहाज एमवी वेव के चालक दल के सदस्य की मदद
भारतीय तट रक्षक ने बचाई एक चालक दल के सदस्य की जान
- फोटो : ANI
दीव से 47 समुद्री मील दक्षिण पश्चिम में ईरानी झंडे वाले जहाज एमवी वेव में पेट दर्द और तेज बुखार से पीड़ित इंडोनेशियाई चालक दल को भारतीय तट रक्षक जहाज सी-149 ने 19 जनवरी को चिकित्सीय सहायता दी। जिसके बाद मरीज को आगे के चिकित्सा प्रबंधन के लिए अस्पताल में भर्ती कराय गया।
अलप्पुझा-कन्नूर एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस की बोगियां पटरी से उतरी
कन्नूर-अलाप्पुझा एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस की बोगियां पटरी से जा उतरी। आज सुबह पांच बजकर दस मिनट पर ट्रेन को कन्नूर से रवाना होना था, लेकिन पटरी से उतरने के चलते यह देर से रवाना हुई। गौरतलब है कि यह घटना कन्नूर यार्ड में शंटिंग प्रक्रिया के दौरान हुई, हालांकि पटरी से उतरी बोगियों क ट्रेन से अलग कर दिया है।
पूर्व विधायक जयनारायण मोहंती का निधन
भाजपा नेता और पूर्व विधायक जयनारायण मोहंती का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया है। मोहंती के दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने जीवन की अंतिम सांस एम्स भुवनेश्वर में ली। गौरतलब है कि उनका गुर्दे की बीमारियों और मधुमेह का इलाज चल रहा था। मोहंती 1995 और 2000 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में जलेश्वर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने गए। 2019 में जयनारायण मोहंती भाजपा में शामिल हुए थे।
भूमि विवाद को लेकर ओडशा में एक बुजुर्ग और उसकी बहू की हत्या
ओडिशा के गंजम जिले में भूमि विवाद को लेकर एक 60 वर्षीय व्यक्ति और उसकी बहू की उनके परिवार के एक सदस्य ने हत्या कर दी। पीड़ित 60 वर्षीय सिबाराम डाकुआ और 40 वर्षीय जयंती डाकुआ शुक्रवार की शाम को विवादित जमीन की तरफ जा रहे थे, तभी उनपर हमला किया गया। इस हत्या का मुख्य आरोपी उनका भतीजा डाक्टर डाकुआ है।
हत्या के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद ही हत्या के मुख्य कारणों का पता चलेगा।
बंगलूरू में 26 करोड़ की कोकीन के साथ केन्याई महिला तस्कर गिरफ्तार
राजस्व खुफिया विभाग (डीआरई) ने बंगलूरू के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 26 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ एक केन्याई महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी 2.56 किलो ड्रग्स के साथ दिल्ली भागने की फिराक में थी, लेकिन जांच के दौरान पकड़ी गई। मामला 15 जनवरी का है। इसके बारे में विभाग को गुप्त सूचना भी मिली थी। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच जारी है।
फर्जी वीजा मामले में बंगलूरू हवाई अड्डे से एक गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के फर्जी पासपोर्ट-वीजा गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद पुलिस ने बंगलूरू हवाई अड्डे से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि बृहस्पतिवार को दुबई से लौटने पर सादिकुल्ला बेग को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस उपायुक्त (आईजीई) उषा रंगनानी ने बताया कि लुधियाना में फर्जी वीजा के एक मामले में बेग का नाम सामने आया था, जिसके बाद उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। लुधियाना के हरविंदर सिंह धनोआ के नाम से एक यात्री कुछ महीने पहले एक एजेंट मुस्कान उर्फ मनप्रीत कौर द्वारा दी गई फर्जी कनाडाई वीजा पर यात्रा करते हुए पाई गई थी। अधिकारी ने कहा, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मनप्रीत ने बताया कि उसने बंगलूरू में एक अन्य एजेंट सादिकुल्ला को इसके लिए पांच लाख रुपये का भुगतान किया था। इसके बाद पुलिस बेग तक पहुंची।
पुणे में अल्कोहल से विमानन टरबाइन ईंधन बनाने की तैयारियां; केंद्रीय मंत्री ने किया उद्घाटन
महाराष्ट्र के पुणे शहर में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को अल्कोहल से विमानन टरबाइन ईंधन बनाने की पहली पायलट परियोजना का उद्घाटन किया। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि इस परियोजना में सतत जैव ईंधन (एसएएफ) का उत्पादन किया जाएगा।
BJP प्रमुख नड्डा की अपील- सच्चाई और धार्मिकता की जीत; अयोध्या के उत्सव में शामिल हों भारतवंशी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान वैश्विक भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, पिछले दशक में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और गतिशील नेतृत्व में, भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। तरक्की का श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी के अथक समर्पण को दिया जा सकता है। नड्डा ने पीएम मोदी के कार्यकाल को भारत के परिवर्तनकारी दशक की आधारशिला करार दिया। उन्होंने सरकार की नीतियों को समावेशी विकास पर केंद्रित बताया।
सच्चाई और धार्मिकता की जीत; अयोध्या के उत्सव में शामिल हों भारतवंशी
अयोध्या के राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि सभी भारतीय, अपने जीवन के सबसे प्रतीक्षित लम्हों के साक्षी बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को हमारे भगवान राम सदियों के संघर्ष के बाद अपने घर लौटेंगे। सच्चाई और धार्मिकता की जीत हुई है। भारत की हवा में आनंद, उत्सव और जोश भर चुका है। भाजपा प्रमुख नड्डा ने विदेशी सरजमीं पर रहने वाले भारतवंशी लोगों से अयोध्या के समारोह का साक्षी बनने की अपील की। दुनिया में आप जहां भी हों, इस महत्वपूर्ण उत्सव का हिस्सा बनें।
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने ओडिशा में आयुष पेशेवरों के लिए पहले केंद्र की आधारशिला रखी
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय आयुष, बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को कहा कि भारत एक एकीकृत चिकित्सा दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुष चिकित्सा प्रणाली का भी उपयोग किया जाएगा। सोनोवाल ने राजधानी भुवनेश्वर में आयुष पेशेवरों के लिए पहले केंद्र- आयुष दीक्षा की आधारशिला भी रखी। पूरा केंद्र केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, भुवनेश्वर के परिसर में विकसित होगा। सोनोवाल के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में आयुष आंदोलन को काफी प्रसिद्धि मिली है। एकीकृत औषधीय दृष्टिकोण देश के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।