कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से मुंबई तक 6,700 किलोमीटर से ज्यादा की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कर दी है। आज उनकी यात्रा का सातवां दिन है। यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।
लोकसभा चुनाव शुरू होने में कुछ ही महीने बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से मुंबई तक 6,700 किलोमीटर से ज्यादा की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कर दी है। आज उनकी यात्रा का सातवां दिन है। यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी।
विज्ञापन
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को लखीमपुर जिले के बोगीनाडी से फिर से शुरू हुई। जैसे ही यात्रा बस से शुरू हुई, वैसे ही सड़क किनारे खड़े लोगों ने राहुल गांधी का स्वागत करना शुरू कर दिया। ऐसे में, उन्होंने बस से उतरने का फैसला लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की और उनके साथ पैदल चल पड़े।
पार्टी द्वारा साझा किए गए कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा कुछ समय के लिए गोविंदपुर (लालुक) में रुकेगी। यहां वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, जितेंद्र सिंह, भूपेन बोरा और देवव्रत सैकिया एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बाद में दोपहर में यात्रा फिर से हरमुती से शुरू होगी। बाद में गुमटो के होते हुए अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी, जहां फ्लैग हैंडओवर समारोह आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव प्रभारी संचार जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने समिति को तीन पेज का पत्र लिखा है कि हम 'एक राष्ट्र एक चुनाव' का विरोध क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के खिलाफ है और हम इसका विरोध करते रहेंगे।
वहीं, कांग्रेस नेता अजय माकन ने बताया कि जब राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहले चरण में दक्षिण से उत्तर की ओर गए तब भी ऐसा नहीं हुआ कि हम भाजपा शासित प्रदेश से गुजरे। यह राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वहां कानून व्यवस्था की परेशानी न हो। अनुमतियां ले ली गई है। जब भाजपा के अध्यक्ष को शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकालने की इजाजत दी जा सकती है तो राहुल गांधी को क्यों नहीं?
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को असम से होकर अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश कर गई। पापुम पारे जिले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नबाम तुकी ने राहुल गांधी का स्वागत किया। झंडा सौंपने का कार्यक्रम नबाम तुकी और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा के बीच हुआ। इस दौरान दोनों राज्यों के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे। राहुल गांधी ने गर्मजोशी से स्वागत के लिए लोगों का धन्यवाद किया।
राहुल गांधी सौकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ दोईमुख की तरफ बढ़े। दोईमुख में राहुल गांधी एक रैली को संबोधित करेंगे। यहां से वह बस से नाहरलागुन जाएंगे और रेहड़ी पटरी वालों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह न्योकुम लपांग की तरफ से बढ़ेंगे। यहां से वह मालो तारिन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान तक पैदल यात्रा करेंगे। राहुल गांधी शनिवार को ईटानगर में रैली को संबोधित करेंगे और रविवार को वह होलोंगी के जरिए यहां से रवाना होंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए राज्य में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है।
अरुणाचल प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'भाजपा की मानसिकता है कि पूरे भारत पर दिल्ली से शासन किया जाए और पूरे देश में हिंदी भाषा का प्रसार हो। सभी भारतीय हिंदी का ही इस्तेमाल करें। हमारी मानसिकता है कि हिंदी का अपना स्थान है और आपकी अपनी भाषा का भी अपना स्थान है। आपके राज्य में शासन यहीं से होना चाहिए, न कि दिल्ली से।'