भारतीय सेना के हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (LCH) 'प्रचंड' का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।दिन और रात दोनों स्थितियों में प्रचंड 70 मिमी रॉकेट दागने में सक्षम है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारतीय सेना को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) 'प्रचंड' से 70 मिमी रॉकेट दागने को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। दिन और रात दोनों स्थितियों में रॉकेट दागने में सक्षम प्रचंड हेलीकॉप्टर के बारे में अधिकारियों ने बताया कि परीक्षण असम में लिकाबाली के पास एक फायरिंग रेंज में की गई।
विज्ञापन
सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, ''लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर एलसीएच प्रचंड की 70 मिमी रॉकेट और 20 मिमी बुर्ज गन की उद्घाटन फायरिंग को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।'' सेना ने कहा कि अत्याधुनिक हथियार दिन और रात दोनों में फायरिंग करने में सक्षम है।
सेना के बयान में कहा गया, आर्मी एविएशन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल एके सूरी ने एलसीएच स्क्वाड्रन की आयुध क्षमता को देखा। उन्होंने वास्तविक समय में सत्यापन के लिए तीन हमलावर हेलीकॉप्टरों से की गई फायरिंग देखी।
विज्ञापन
बता दें कि प्रचंड सरकारी एयरोस्पेस प्रमुख हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा विकसित है। 5.8 टन वजनी हेलीकॉप्टर जुड़वां इंजन वाला एलसीएच है। विभिन्न हथियार प्रणालियों से लैस है इस चॉपर की मदद से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दुश्मन के टैंक, बंकर, ड्रोन और अन्य संपत्तियों को आसानी से निशाना बनाया जा सकता है।
हेलीकॉप्टर में आधुनिक स्टील्थ विशेषताएं, मजबूत कवच सुरक्षा और दुर्जेय रात्रि हमले की क्षमता है।यह दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन में भी काम करने में पूरी तरह सक्षम है। हेलीकॉप्टर को जंगलों और शहरी परिवेश में उग्रवाद विरोधी अभियानों के साथ-साथ जमीनी बलों के समर्थन के लिए भी तैनात किया जा सकता है।