अरुणाचल प्रदेश से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां पहाड़ी इलाके में हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से सात जवानों की मौत हो गई। सेना ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही इन जवानों के बर्फ के नीचे दब जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद उन्हें निकालने के लिए राहत-बचाव कार्य शुरू किए गए। लेकिन बचाव दल को सैनिकों के शव मिले।
एक अधिकारी ने कहा, ' हिमस्खलन वाले स्थान से सभी सात कर्मियों के शव बरामद हुए हैं। दुर्भाग्यवश, अभियान में जुटे प्रत्येक व्यक्ति के सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद, सभी सात लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है।' उन्होंने कहा, 'आगे की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सैन्यकर्मियों के शव घटनास्थल से नजदीकी सैन्य अस्पताल ले जाए गए।'
हिमस्खलन की यह घटना राज्य के कामेंग सेक्टर के ऊंचाई वाले इलाके में हुई। लापता जवान रविवार को गश्त कर रहे एक सैन्य दल का हिस्सा थे। तभी हिमस्खलन होने से वे उसकी चपेट में आ गए थे। उन्हें ढूंढने के लिए विशेषज्ञों की टीम को विमान से मौके पर भेजा गया, ताकि बचाव कार्य में उनकी सेवाएं ली जा सकें। हालांकि, इलाके में खराब मौसम ने टीम का काम मुश्किल बना दिया। इस पूरे इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है।
हिमस्खलन में जान गंवाने वाले जवानों के नाम सामने आए
भारतीय सेना के पूर्वी कमांड ने हिमस्खलन में जान गंवाने वाले जवानों के नाम भी बताए हैं। इनके नाम हैं- हवलदार जुगल किशोर, राइफलमैन अरुण कत्तल, राइफलमैन अक्षय पठानिया, राइफलमैन विशाल शर्मा, राइफलमैन राके सिंह, राइफलमैन अंकेश भारद्वार और गनर गुरबाज सिंह हैं।
पीएम मोदी ने जताया घटना पर दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चपेट में आने से हुई सेना के जवानों की मौत पर मंगलवार को शोक जताया। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, "अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन से भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। देश की उत्कृष्ट सेवा के लिए हम उनके योगदान को कभी नहीं भूल पाएंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।"
राष्ट्रपति ने कहा- दर्द को लफ्जों में बयां नहीं किया जा सकता
कोविंद ने ट्वीट किया है, ‘‘अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन के कारण हुए हादसे में सैनिकों के मरने का दर्द लफ्जों में बयां नहीं किया जा सकता। बहादुर सैनिकों ने देश सेवा में अपने प्राणों की आहूति दी है। उनके नि:स्वार्थ बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मेरी संवदेनाएं उनके परिवारों के साथ हैं।’’
रक्षा मंत्री बोले- बहादुरी को सलाम करता हूं
इस घटना को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, "अरुणाचल प्रदेश के केमांग सेक्टर में हिमस्खलन से जान गंवाने वाले भारतीय सेना के जवानों की मृत्यु से व्यथित हूं। इन बहादुर सैनिकों की जान देश की सेवा में चली गई। मैं उनकी बहादुरी और सेवा को सलाम करता हूं। उनके दुखी परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"