महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार डेंगू से पीड़ित हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रफुल्ल पटेल ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अजित को चिकित्सीय निगरानी में रहने और अगले कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘अजित पवार के सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल न होने पर मीडिया की अटकलों पर मैं बताना चाहूंगा कि उन्हें डेंगू होने की पुष्टि कल ही हुई है। पटेल ने पोस्ट में यह भी कहा, ‘‘अजित पवार अपनी सार्वजनिक सेवा जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। एक बार जब वह स्वस्थ हो जाएंगे तो वह अपने सार्वजनिक कर्तव्यों को जारी रखने के लिए पूरी शक्ति के साथ लौटेंगे।’’
डीआरआई ने छत्रपति संभाजीनगर में ड्रग यूनिट का भंडाफोड़ किया
राजस्व खुफिया निदेशालय ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक दवा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान 160 करोड़ रुपये मूल्य का 107 लीटर तरल मेफेड्रोन जब्त किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार को एपेक्स मेडिकेम प्राइवेट लिमिटेड नामक फर्म के दो परिसरों की तलाशी में ये जब्ती हुई है। यह छापेमारी उस जांच के बाद हुई, जब डीआरआई की पुणे इकाई और पड़ोसी राज्य गुजरात की अहमदाबाद अपराध शाखा ने 20 अक्तूबर को छत्रपति संभाजीनगर में एक फैक्ट्री पर छापा मारा था और 250 करोड़ रुपये मूल्य के मेफेड्रोन, केटामाइन और कोकीन जब्त की थी।
असम में पकड़े गए पांच करोड़ के ड्रग्स
दूसरी तरफ असम के कार्बी आंगलोंग जिले में पुलिस ने पांच करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। बताया गया है कि यह नशीला पदार्थ मणिपुर से लाया जा रहा था और पुलिस ने लाहौरीजान आउटपोस्ट पर गाड़ी को रोक लिया। वाहन की जांच के बाद बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त किए गए। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इस जब्ती पर पुलिस को बधाई देते हुए हा कि उन्हें साबुन के 50 डिब्बों में 637.28 ग्राम हेरोइन मिला। एनसीबी के मुताबिक, इसकी कीमत 5.1 करोड़ रुपये बताई गई है।
गुजरात और महाराष्ट्र में आग लगने की घटनाएं
गुजरात में अहमदाबाद के बापूनगर इलाके में एक गोदाम में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। इसके अलावा महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी रहनल गांव में एक रासायनिक गोदाम में भी आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं।
बंगाल में TMC के दो गुटों के बीच झड़प, टीएमसी कार्यकर्ता की मौत
पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले में सत्तारूढ़ पार्टी के दो गुटों के बीच कथित झड़प के बाद रविवार को 24 वर्षीय तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में किराए के मकान पर कब्जे को लेकर टीटागढ़ नगर पालिका के दो टीएमसी पार्षदों के गुटों के बीच झड़प हुई। इस दौरान कथित तौर पर टीएमसी समर्थक आकाश प्रसाद की छाती पर चोट लग गई और उसे स्थानीय अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
आरएसएस के पूर्व बौद्धिक प्रमुख आर हरि नहीं रहे
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ नेता और संगठन के पूर्व बौद्धिक प्रमुख आर हरि का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। संघ के विचारक, प्रबुद्ध लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता रंगा हरि (93) संघ कार्यकर्ताओं के बीच हरि 'एट्टन' (बड़े भाई) या हरिजी के नाम से लोकप्रिय थे। वह आरएसएस में शीर्ष नेतृत्व का पद संभालने वाले राज्य के पहले प्रचारक थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
राज्य के एर्नाकुलम जिले के रहने वाले हरि अपने कॉलेज के दिनों से ही संघ गतिविधियों में सक्रिय थे। संस्कृत में परा-स्नातक के बाद वह संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बन गए थे। आरएसएस में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न भूमिकाओं में सेवा करने के बाद उन्होंने 1990 से 15 वर्षों तक संगठन के अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख के रूप में कार्य किया।