देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 37,566 नए मामले सामने आए और 907 मरीजों की जान गई। 102 दिनों के बाद देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले 40 हजार से नीचे दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना के ताजा आंकड़ों की जानकारी दी।
देश में कोरोना के 37566 मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,03,16,897 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में 907 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,97,637 हो गई। पिछले 77 दिन में संक्रमण से मौत के ये सबसे कम मामले सामने आए हैं।
कोरोना के सक्रिय मामले घटे
कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 5,52,659 हो गई है, जो कुल मामलों का 1.82 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 96.87 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मामलों में कुल 20,335 की कमी आई है। अभी तक कुल 40,81,39,287 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 17,68,008 नमूनों की जांच सोमवार को की गई।
कोविड-19 से मृत्युदर 1.31 फीसदी हुई
आंकड़ों के अनुसार, नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.12 प्रतिशत है। यह पिछले 22 दिनों से पांच प्रतिशत से कम है। नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर भी कम होकर 2.74 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 47वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही। देश में अभी तक कुल 2,93,66,601 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.31 प्रतिशत है।
907 मरीजों ने गंवाई जान
आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिन 907 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 287 लोग, केरल के 110 लोग, तमिलनाडु के 98 लोग और कर्नाटक के 93 लोग थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक संक्रमण से 3,97,637 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,21,573 लोग, कर्नाटक के 34,836 लोग , तमिलनाडु के 32,399 लोग, दिल्ली के 24,967 लोग, उत्तर प्रदेश के 22,559 लोग, पश्चिम बंगाल के 17,644 लोग , पंजाब के 16,011 लोग और छत्तीसगढ़ के 13,437 लोग थे।